शुभेंदु अधिकारी ने लेफ्ट और TMC पर साधा निशाना, मुख्यमंत्री बोले- सनातन परंपराओं के सम्मान से समझौता नहीं
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के एक विशाल आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली। एक साथ हजारों कंठों से हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में पांच लाख हनुमान चालीसा पाठ का लक्ष्य रखा गया था। इस आयोजन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शामिल हुए। उन्होंने धार्मिक मंच से राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर सनातन परंपराओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
वामपंथ के 34 साल के शासन पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने बंगाल में वाममोर्चा के 34 वर्षों के शासन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान सनातन धर्म और धार्मिक मान्यताओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने अपने संबोधन में कार्ल मार्क्स और लेनिन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में मार्क्स और लेनिन की पुस्तकों को तो महत्व दिया जाता था, लेकिन हनुमान चालीसा और भगवद्गीता जैसी धार्मिक पुस्तकों को समान स्थान नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि बंगाल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान होना चाहिए और सनातन संस्कृति को लेकर किसी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।
TMC के 15 साल के शासन पर भी हमला
अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासनकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के दौरान धार्मिक आयोजनों और परंपराओं को लेकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया।
दुर्गा पूजा विसर्जन और मुहर्रम का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी धर्मों के आयोजनों में परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने TMC पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और समाज को बांटने का आरोप लगाया।
छठ पूजा को किसी एक राज्य तक सीमित नहीं माना जा सकता
मुख्यमंत्री ने छठ पूजा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह किसी एक राज्य या क्षेत्र का पर्व नहीं है, बल्कि पूरे सनातन समाज की आस्था से जुड़ा महापर्व है। उन्होंने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में छठ पूजा श्रद्धा के साथ मनाई जाती है।
उन्होंने दुर्गा पूजा, जगद्धात्री पूजा और रामनवमी जैसे त्योहारों का भी जिक्र किया। साथ ही दूसरे राज्यों से बंगाल आने वाले लोगों को बाहरी बताने की राजनीति पर सवाल उठाए।
अधिकारी ने आरोप लगाया कि बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से आने वाले भारतीय नागरिकों को बाहरी कहा जाता है, जबकि बांग्लादेश से अवैध रूप से आने वालों को संरक्षण दिया जाता है।
भ्रष्टाचार और घुसपैठ के मुद्दे पर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले शासनकाल में 20 से 30 हजार करोड़ रुपये देश से बाहर भेजे गए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कट्टरपंथ, उग्रवाद और आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं होगी।
धार्मिक आयोजन के मंच से सियासी संदेश हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक संबोधन ने इस कार्यक्रम को धार्मिक के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी चर्चा में ला दिया है। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने सनातन संस्कृति, धार्मिक स्वतंत्रता, छठ पूजा और घुसपैठ जैसे मुद्दों को उठाते हुए लेफ्ट और TMC की पिछली सरकारों की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
































