राज्य मंत्री उमेश राय ने किया अभिनंदन
हावड़ा : उत्तर हावड़ा के युवा पर्वतारोही आकाश दास ने हिमालय की पीर पंजाल पर्वतमाला में स्थित 17,369 फीट ऊंचे माउंट शीती धार शिखर तक सफल ट्रेक पूरा कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 12 से 15 जून के बीच महज तीन दिनों में इस कठिन अभियान को पूरा कर उन्होंने उत्तर हावड़ा और पश्चिम बंगाल का गौरव बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर पश्चिम बंगाल सरकार के संसदीय कार्य एवं नगर विकास तथा नगर मामलों के राज्य मंत्री और उत्तर हावड़ा के विधायक उमेश राय ने अपने कार्यालय में आकाश दास को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने आकाश दास को अयोध्या में विराजमान प्रभु श्रीराम की प्रतिमा की प्रतिकृति भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उमेश राय ने कहा कि आकाश दास की सफलता पूरे उत्तर हावड़ा के लिए गर्व की बात है। उनका साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आकाश भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छूकर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।सम्मान प्राप्त करने के बाद आकाश दास ने राज्य मंत्री उमेश राय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और भी कठिन अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा करने की प्रेरणा देगा।





























