अलीपुर पुलिस ने शुरू की जांच, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका; दो महीने पहले भी इसी ट्रेनिंग सेंटर की बैरक में हुई थी एक पुलिस अधिकारी की मौत
कोलकाता : दक्षिण कोलकाता स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में एक बार फिर पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार को ट्रेनिंग सेंटर की एक इमारत के तीसरे तल के गलियारे से कांस्टेबल का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान विप्लव बर्मन के रूप में हुई है। वह कोलकाता पुलिस की कॉम्बैट बटालियन की ‘सी’ कंपनी में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
खास बात यह है कि करीब दो महीने पहले भी इसी पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की बैरक में एक पुलिस अधिकारी का शव फंदे से लटका मिला था। अब एक और पुलिसकर्मी की मौत ने पीटीएस की सुरक्षा व्यवस्था और वहां तैनात जवानों की परिस्थितियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रात में बैरक से गायब थे कांस्टेबल, तलाश के दौरान मिला शव
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात विप्लव बर्मन अपने बैरक में नहीं मिले। काफी देर तक उनका पता नहीं चलने पर सहकर्मियों ने पुलिस ट्रेनिंग स्कूल परिसर में उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) जब इमारत के तीसरे तल पर बने गलियारे के एक छोर पर पहुंचे, तो उन्होंने विप्लव को एक हुक से फंदे पर लटका हुआ देखा।
इसके बाद आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम में फांसी से मौत की पुष्टि
मंगलवार को मृतक कांस्टेबल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकों ने पुलिस को बताया कि गले में फंदा लगाने के कारण उनकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
2017 में कोलकाता पुलिस में हुए थे भर्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विप्लव बर्मन वर्ष 2017 में कोलकाता पुलिस में भर्ती हुए थे। उनका मूल निवास उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में था। वह विवाहित थे और घटना से पहले उनकी परिवार के सदस्यों से बातचीत भी हुई थी।
पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, विप्लव की कार्यस्थल पर किसी तरह की परेशानी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, परिवार के सदस्यों के साथ उनके कुछ विवाद चल रहे थे। पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि घटना से पहले फोन पर परिवार के लोगों के साथ उनकी कहासुनी हुई थी। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या पारिवारिक तनाव इस घटना की वजह बना। जांच के तहत परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। अलीपुर थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
































