कानून-व्यवस्था संभालने के लिए तैयार होगी विशेष फोर्स, महिला और पुरुष मिलाकर करीब 500 कांस्टेबल होंगे भर्ती; केंद्रीय बलों की तर्ज पर आधुनिक बटालियन बनाने की तैयारी
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब कोलकाता पुलिस में एक नई रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) बटालियन का गठन किया जाएगा। राज्य के गृह विभाग ने इसके गठन को मंजूरी दे दी है। नवान्न की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। नई बटालियन के लिए कुल 790 नए पदों के सृजन को स्वीकृति मिली है।
इस नई फोर्स का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत मोर्चा संभालना और बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगा। माना जा रहा है कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रैफ इकाइयों की तर्ज पर कोलकाता पुलिस की इस नई बटालियन को तैयार किया जाएगा।
790 नए पदों को मिली मंजूरी, करीब 500 कांस्टेबल होंगे भर्ती
कोलकाता पुलिस में पहले से रैफ की व्यवस्था मौजूद है, लेकिन मौजूदा क्षमता को बढ़ाने और अधिक सक्षम विशेष बल तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने नई बटालियन बनाने का फैसला किया है।
नवान्न की अधिसूचना के अनुसार, नई बटालियन के लिए कुल 790 पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इनमें महिला और पुरुष मिलाकर करीब 500 कांस्टेबलों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पद भी शामिल होंगे। बटालियन में एसपी और डीसीपी रैंक के अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे।
कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर तुरंत संभालेगी मोर्चा
नई रैफ बटालियन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी कोलकाता में कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करना होगी। शहर के किसी भी हिस्से में तनाव, हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में इस विशेष बल को तुरंत तैनात किया जा सकेगा।
इसके अलावा दुर्गापूजा, कालीपूजा और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान भी इस बटालियन को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हाल ही में दुर्गापूजा के दौरान चोरबागान के एक क्लब में भगदड़ के कारण 19 लोगों की मौत की घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठे थे। ऐसे में नई रैफ बटालियन के गठन को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
केंद्रीय बलों की तर्ज पर तैयार होगी विशेष फोर्स
सीआरपीएफ और अन्य अर्धसैनिक बलों में भी रैपिड एक्शन फोर्स की विशेष इकाइयां हैं, जिन्हें दंगा नियंत्रण और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि राज्य सरकार कोलकाता पुलिस की नई बटालियन को भी इसी तरह तैयार करना चाहती है।

राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक उपकरणों और बेहतर संसाधनों से लैस करना है। नई बटालियन इसी व्यापक योजना का हिस्सा मानी जा रही है।
पुलिस को और सक्षम बनाने पर जोर दे रहे हैं मुख्यमंत्री शुभेंदु
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री और पुलिस मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस व्यवस्था में सुधार और आधुनिकीकरण पर जोर दिया है। उन्होंने पहले भी कहा था कि पश्चिम बंगाल पुलिस का एक समय बेहतर रिकॉर्ड रहा है और कोलकाता पुलिस की तुलना अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुलिस एजेंसियों से की जाती थी।
मुख्यमंत्री का आरोप रहा है कि पिछली तृणमूल सरकार के कार्यकाल में पुलिस की क्षमता का पूरी तरह इस्तेमाल नहीं किया गया। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल में पुलिस को अधिक सक्षम बनाने और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
चुनाव के बाद भी कोलकाता में तैनात हैं केंद्रीय बलों की 12 कंपनियां
विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बावजूद कोलकाता में केंद्रीय बलों की 12 कंपनियां अभी भी तैनात हैं। इन जवानों को शहर के विभिन्न पुलिस डिवीजनों में रखा गया है। चुनाव के बाद भी केंद्रीय बलों की तैनाती जारी रखने की जरूरत को लेकर चर्चा हुई थी।
माना जा रहा है कि कोलकाता पुलिस में रैफ की संख्या अपेक्षाकृत कम होने के कारण राज्य सरकार अपनी विशेष बल क्षमता बढ़ाना चाहती है। नई बटालियन के गठन से कानून-व्यवस्था संभालने में पुलिस को अतिरिक्त सहायता मिल सकती है।
विपक्ष ने जताई आशंका, आंदोलन नियंत्रित करने में हो सकता है इस्तेमाल
नई बटालियन के गठन को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो सकती है। जहां सरकार इसे कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम बता रही है, वहीं विपक्षी खेमे में आशंका जताई जा रही है कि इस बल का इस्तेमाल विरोध प्रदर्शन और आंदोलनों को नियंत्रित करने के लिए भी किया जा सकता है।
फिलहाल नई बटालियन के गठन को मंजूरी मिल चुकी है। अब इसके पदों पर नियुक्ति, प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता और तैनाती की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।































