भाजपा में ही एसआईआर चाहते हैं नंदीग्राम के प्रलय पाल
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के भीतर पुराने और नए नेताओं के बीच खींचतान लगातार बढ़ती नजर आ रही है। पार्टी में शामिल हो रहे नए लोगों की पृष्ठभूमि और उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में कथित तौर पर वसूली, कटमनी और भ्रष्टाचार से जुड़े रहे कुछ लोगों के भाजपा में शामिल होने के आरोपों के बीच अब नंदीग्राम के भाजपा नेता प्रलय पाल ने अपनी ही पार्टी में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर कराने की मांग कर दी है। उनका तंज है कि जो लोग पहले ‘जय बांग्ला’ का नारा लगाते थे, वे अब ‘जय श्रीराम’ बोल रहे हैं। प्रलय के इस बयान से बंगाल भाजपा के भीतर नई चर्चा शुरू हो गई है।
‘पार्टी में भी एसआईआर की जरूरत’
मंगलवार को प्रलय पाल ने फेसबुक पर दो पंक्तियों का एक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा, “चोर कन्वर्ट हो रहे हैं—जय बांग्ला छोड़कर जय श्रीराम बोल रहे हैं। पार्टी में भी जल्द एसआईआर की जरूरत है!”
प्रलय का इशारा उन लोगों की ओर है, जो पहले तृणमूल कांग्रेस के साथ रहकर कथित तौर पर वसूली, कटमनी और भ्रष्टाचार में शामिल थे और अब भाजपा में आ गए हैं। उनका मानना है कि केवल राजनीतिक दल और नारा बदल लेने से किसी व्यक्ति का पुराना रिकॉर्ड नहीं बदल जाता।
गौरतलब है कि चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिए संदिग्ध और अपात्र मतदाताओं की पहचान करने की प्रक्रिया अपनाई थी। प्रलय पाल इसी प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए चाहते हैं कि भाजपा के भीतर भी ऐसे लोगों की पहचान होनी चाहिए, जो पार्टी में शामिल तो हो गए हैं, लेकिन जिनकी नीयत और पिछली गतिविधियों पर सवाल हैं।
बाद में अपने फेसबुक पोस्ट की सफाई देते हुए प्रलय ने कहा कि पार्टी में अवांछित लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। इसलिए उन्हें लगता है कि एसआईआर की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि उनकी तरह हजारों भाजपा कार्यकर्ता, जिन्होंने मेहनत करके पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाया है, वे भी ऐसा ही महसूस करते हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को सामने रखा है।
रत्ना देबनाथ के बयान के बाद एक और विवाद
प्रलय पाल का यह पोस्ट ऐसे समय आया है, जब पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ता अरूप साहा की मौत के बाद पार्टी के भीतर एक अन्य बयान को लेकर विवाद हुआ था। स्थानीय विधायक रत्ना देबनाथ शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने मृतक की पत्नी को गले लगाकर रोते हुए कहा था, “इस परिवार के लिए मैं ही जिम्मेदार हूं। भाजपा अगर नहीं जीतती तो शायद अच्छा होता…।”
उनके इस बयान पर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा हुई। हालांकि, 24 घंटे के भीतर रत्ना देबनाथ ने एक बयान जारी कर अपनी टिप्पणी का स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला जा रहा है और उसे तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा के साथ रहने की बात भी स्पष्ट की।
इस विवाद के ठीक बाद प्रलय पाल की टिप्पणी ने भाजपा के भीतर पुराने और नए नेताओं के बीच चल रही बहस को फिर हवा दे दी है। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया है।
2021 के नंदीग्राम चुनाव के दौरान चर्चा में आए थे प्रलय
प्रलय पाल लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं, लेकिन 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान वह विशेष रूप से चर्चा में आए थे। उस चुनाव में नंदीग्राम सीट से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार ममता बनर्जी थीं, जबकि भाजपा के टिकट पर शुभेंदु अधिकारी मैदान में थे। प्रलय को शुभेंदु अधिकारी का करीबी माना जाता था।
चुनाव प्रचार के दौरान प्रलय और ममता बनर्जी के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। दावा किया गया था कि ममता ने चुनाव में मदद मांगने के लिए प्रलय को फोन किया था। बाद में ममता बनर्जी ने भी स्वीकार किया था कि उन्होंने प्रलय को फोन किया था।
30 मार्च 2021 को नंदीग्राम की एक सभा में ममता ने कहा था कि एक उम्मीदवार के तौर पर वह किसी से भी उन्हें वोट देने की अपील कर सकती हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तृणमूल के लोगों को फोन करते हैं, तब कोई सवाल क्यों नहीं उठाता?
हालांकि, इस फोन विवाद के बावजूद प्रलय ने शुभेंदु अधिकारी का साथ नहीं छोड़ा और चुनाव में उनके पक्ष में प्रचार किया।
2023 में राजनीति छोड़ने का भी किया था ऐलान
2021 के विधानसभा चुनाव के बाद शुभेंदु अधिकारी और प्रलय पाल के संबंधों में बदलाव की चर्चा भाजपा के अंदर होती रही। हालांकि, दोनों में से किसी ने सार्वजनिक रूप से इस बारे में कुछ नहीं कहा। वर्ष 2023 में प्रलय ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए राजनीति छोड़ने का संकेत भी दिया था।
उस समय उनका कहना था कि 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद बड़ी संख्या में लोग भाजपा में शामिल हुए हैं। नए लोगों के लिए जगह बनाने के उद्देश्य से वह पीछे हटना चाहते हैं। हालांकि, बाद में वह भाजपा में ही बने रहे।
































