नशे में धुत युवकों का झगड़ा शांत कराने पहुंचे मंडल उपाध्यक्ष की मौत
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में भाजपा के एक स्थानीय नेता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि नशे में धुत युवकों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे भाजपा नेता पर एक युवक ने हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल नेता जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे हबीबपुर थाना क्षेत्र के ऋषिपुर इलाके में हुई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय चंदन मंडल के रूप में हुई है। वह ऋषिपुर क्षेत्र में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष थे। उनकी मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाए हैं, जबकि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने इन आरोपों को खारिज किया है।
कार्तिक पूजा के मेले में हुआ विवाद, झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे चंदन
जानकारी के मुताबिक, ऋषिपुर के चांदपुर इलाके में षडानन कार्तिक पूजा के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया था। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चल रहा था। गुरुवार रात किसी कारण से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
स्थानीय लोगों का दावा है कि झगड़े में शामिल सभी युवक नशे की हालत में थे। विवाद बढ़ता देख भाजपा नेता चंदन मंडल बीच-बचाव करने और युवकों को शांत कराने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान नशे में धुत एक युवक ने उन पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट की।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चंदन मंडल पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे। कथित मारपीट के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह सड़क पर ही गिर पड़े। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। मालदा के पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने बताया, “इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जांच जारी है।”
भाजपा ने तृणमूल पर लगाए आरोप, इलाके में नशे के कारोबार का भी उठाया मुद्दा
भाजपा ने चंदन मंडल की मौत को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। मालदा जिला परिषद के भाजपा सदस्य ताराशंकर राय ने आरोप लगाया कि इस हत्या के पीछे तृणमूल समर्थित बदमाशों का हाथ है।
उन्होंने इलाके में शराब, जुआ और नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि इन गतिविधियों के कारण क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं।
पत्नी का आरोप- भाजपा करने के कारण थी रंजिश
मृतक की पत्नी पूर्णिमा मंडल ने भी हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश होने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्थानीय तृणमूल नेता कनाई चौधरी पर इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया।
पूर्णिमा मंडल का दावा है कि उनके पति भाजपा से जुड़े थे, इसलिए तृणमूल के कुछ लोग उनसे नाराज रहते थे। इस बार उनके पति ने कार्तिक पूजा मेले की जिम्मेदारी संभाली थी, जिसे कुछ लोग बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके पति की हत्या की गई है और वह इस मामले में न्याय चाहती हैं।
हालांकि, स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने भाजपा और मृतक के परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया है।
फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और कथित राजनीतिक संबंधों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
































