DJ और साउंड बॉक्स पर प्रतिबंध
कोलकाता : कोलकाता में श्रीश्री जगद्धात्री पूजा 2026 के विसर्जन जुलूस को लेकर कोलकाता पुलिस ने नई गाइडलाइन जारी की है। पुलिस की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, 19, 20 और 21 नवंबर को विसर्जन जुलूस निकाले जा सकेंगे। हालांकि, इस दौरान आयोजकों और जुलूस में शामिल होने वाले लोगों को पुलिस के निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना होगा।
इस बार विसर्जन जुलूस में DJ, पोर्टेबल माइक्रोफोन और साउंड बॉक्स के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान ध्वनि व्यवस्था को लेकर निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शाम 4 बजे से यातायात पर लागू हो सकता है नियंत्रण
पुलिस की अधिसूचना के अनुसार, 19, 20 और 21 नवंबर को शाम 4 बजे से विसर्जन जुलूस के गुजरने के दौरान जरूरत के मुताबिक वाहनों और ट्रामों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोकी जा सकती है। इसका उद्देश्य जुलूस को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाना और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखना है।
हथियार और भड़काऊ भाषण पर प्रतिबंध
विसर्जन जुलूस के दौरान तलवार, भाला, बंदूक, लाठी या हथियार के रूप में इस्तेमाल की जा सकने वाली किसी भी वस्तु को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा भड़काऊ भाषण, हिंसा और अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है।
पुलिस ने यह भी निर्देश दिया है कि जुलूस के कारण एम्बुलेंस और दमकल वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। आयोजकों को पूरे जुलूस के दौरान मौजूद रहना होगा और पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना होगा।
कई प्रमुख सड़कों पर जुलूस के लिए प्रतिबंध
कोलकाता पुलिस ने विसर्जन जुलूस को लेकर शहर की कुछ प्रमुख सड़कों पर भी यातायात प्रतिबंध लगाए हैं। खास तौर पर सीआर एवेन्यू , जतिंद्र मोहन एवेन्यू और भूपेन बोस एवेन्यू के कुछ हिस्सों में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक विसर्जन जुलूस के गुजरने पर रोक रहेगी। हालांकि, इन सड़कों को पार करने यानी क्रॉसिंग के लिए छूट दी गई है।
जुलूस में शामिल होने से पहले जान लें नियम
कोलकाता पुलिस ने आयोजकों और आम लोगों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। DJ और साउंड बॉक्स का इस्तेमाल न करें, प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न रखें और यातायात तथा आपातकालीन सेवाओं के रास्ते में बाधा न डालें।
































