1 नवंबर को नेताजी और महानायक उत्तम कुमार स्टेशन के बीच होगा रखरखाव का काम; सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक यात्रियों को होगी परेशानी, मैदान से दक्षिणेश्वर के बीच चलेंगी मेट्रो
कोलकाता : कोलकाता मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रविवार, 1 नवंबर को ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा लंबे समय तक प्रभावित रहेगी। रखरखाव कार्य के कारण शहीद खुदीराम से मैदान स्टेशन के बीच करीब नौ घंटे तक मेट्रो परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। कोलकाता मेट्रो रेलवे ने शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की है। इस दौरान मैदान से दक्षिणेश्वर के बीच मेट्रो सेवाएं सामान्य रहेंगी। शाम 6 बजे के बाद ब्लू लाइन पर पूरे मार्ग में फिर से मेट्रो परिचालन शुरू होने की संभावना है।
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा इस हिस्से में परिचालन
मेट्रो प्रशासन के अनुसार, रविवार को ब्लू लाइन के नेताजी और महानायक उत्तम कुमार (टालीगंज) स्टेशनों के बीच रखरखाव का काम किया जाएगा। इस काम के लिए ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा।
इसी वजह से 1 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक शहीद खुदीराम से मैदान स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी। यानी दक्षिण कोलकाता के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर यात्रियों को मेट्रो नहीं मिलेगी।
हालांकि, मैदान से दक्षिणेश्वर के बीच अप और डाउन दोनों दिशाओं में मेट्रो परिचालन सामान्य रहेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि रविवार को यात्रा की योजना बनाते समय इस बदलाव का ध्यान रखें।
मैदान से दक्षिणेश्वर के बीच मिलेगी सामान्य सेवा
रविवार को ब्लू लाइन पर पहली मेट्रो सेवा सुबह 9 बजे से शुरू होती है। मेट्रो प्रशासन ने बताया है कि इस दिन दक्षिणेश्वर से मैदान की ओर जाने वाली पहली मेट्रो सुबह 9 बजे उपलब्ध होगी।
वहीं, मैदान से दक्षिणेश्वर की ओर जाने वाली पहली मेट्रो सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर मिलेगी।
शाम 6 बजे तक मैदान और दक्षिणेश्वर के बीच दोनों दिशाओं में मेट्रो सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी। शाम 6 बजे के बाद शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर तक पूरे ब्लू लाइन कॉरिडोर पर परिचालन फिर से सामान्य समय-सारिणी के अनुसार शुरू किया जाएगा।
पहले भी रविवार को बंद रही थी ब्लू लाइन की सेवा
गौरतलब है कि इससे पहले 13 सितंबर को भी रविवार के दिन रखरखाव कार्य के कारण ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई थीं। उस दिन गीतांजलि और कवि नजरुल स्टेशनों के बीच ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेकर रखरखाव का काम किया गया था।
इसके चलते सुबह 9 बजे से शाम 6 बजकर 30 मिनट तक महानायक उत्तम कुमार (टालीगंज) से शहीद खुदीराम स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा बंद रही थी। हालांकि, बाकी हिस्से में परिचालन सामान्य था।
इस बार भी रखरखाव कार्य के कारण दक्षिण कोलकाता के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए रविवार को शहीद खुदीराम, कवि नजरुल, गीतांजलि, मास्टरदा सूर्य सेन और महानायक उत्तम कुमार स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था के साथ घर से निकलने की सलाह दी जाती है।
































