1,000 से अधिक फ्लैटों का कचरा जमा होने का आरोप
हावड़ा: हावड़ा के शिवपुर इलाके में जीटी रोड पर कचरे का अंबार स्थानीय निवासियों और दुकानदारों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। पंचशील अपार्टमेंट के सामने, 493B/1 जीटी रोड पर सड़क किनारे जमा कचरे से पूरे इलाके में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास की कई बहुमंजिली इमारतों का कचरा यहां जमा किया जा रहा है, जिससे यह जगह धीरे-धीरे डंपिंग ग्राउंड में तब्दील हो गई है। हालात ऐसे हैं कि अपार्टमेंट के गेट तक कचरा पहुंच जाता है और लोगों का घरों की खिड़कियां खोलना भी मुश्किल हो गया है।
1,000 से अधिक फ्लैटों का कचरा एक ही जगह जमा होने का आरोप
स्थानीय निवासी गोपाल बगड़िया ने बताया कि वह वर्ष 1992 से पंचशील अपार्टमेंट में रह रहे हैं। पहले यहां करीब 350 फ्लैटों का कचरा जमा होता था, लेकिन अब आसपास कई नई इमारतें बन गई हैं। उनका आरोप है कि गगनदीप, आकाशदीप, विक्रम विहार के करीब 300 फ्लैटों, अरिहंत और राघव वैली के लगभग 300 फ्लैटों तथा गंगेस स्काई के करीब 150 फ्लैटों का कचरा भी इसी जगह फेंका जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कचरे के कारण पंचशील अपार्टमेंट का मुख्य गेट तक बाधित हो जाता है। दुर्गंध इतनी अधिक है कि लोग अपने घरों की खिड़कियां तक नहीं खोल पाते। लंबे समय से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
बच्चों की स्कूल बस से लेकर दुकानदारों तक की परेशानी
कचरे का असर केवल अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों तक सीमित नहीं है। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। पंचशील अपार्टमेंट के निवासी श्रीचंद नागपुरिया ने बताया कि बिल्डिंग के ठीक सामने कचरा जमा होने से बच्चों की स्कूल बस खड़ी करने तक की जगह नहीं बचती। इलाके में हमेशा बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।
सब्जी की दुकान चलाने वाले शमशेर अली का कहना है कि पिछले कई महीनों से हालात ऐसे ही हैं। कचरा सड़क तक फैल जाता है, जिससे दुकान चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं, पेंट की दुकान चलाने वाले मनोज शर्मा ने बताया कि दुकान के सामने हमेशा कचरा पड़ा रहने से ग्राहक आने कम हो गए हैं। इससे उनकी रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है।
डेंगू-मलेरिया का खतरा, बारिश में बढ़ जाती है मुश्किल
स्थानीय निवासियों ने जमा कचरे के कारण मच्छरों के बढ़ने और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा जताया है। पंचशील अपार्टमेंट के आशीष मूंधड़ा ने कहा कि मौजूदा इमारतों के कचरे का ही उचित प्रबंधन नहीं हो पा रहा है, ऐसे में आसपास बन रही नई इमारतों का कचरा कहां जाएगा, इसकी भी कोई स्पष्ट व्यवस्था दिखाई नहीं देती।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है। कचरे और गंदगी के कारण घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। अपार्टमेंट का दूसरा गेट भी इस्तेमाल करना संभव नहीं हो पाता।
गौरी शंकर बेरीवाल ने भी शिकायत की कि कचरा ले जाने वाली गाड़ियों से सड़क पर गिरने वाले कचरे को भी नियमित रूप से साफ नहीं किया जाता। इससे पूरी सड़क बाधित हो रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है।

हावड़ा नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी आर. आर. सिंह ने हावड़ा नगर निगम (HMC) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आते हैं, पूछताछ करते हैं और चले जाते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता।
राम भगत ने बताया कि अपार्टमेंट के गेट से गाड़ियां निकालते समय हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कचरे के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है, लेकिन अब तक इसका कोई समाधान नहीं हुआ है।
चेतन नागपुरिया ने कहा कि यह समस्या केवल पंचशील अपार्टमेंट की नहीं है, बल्कि आसपास की कई इमारतों के निवासी इससे परेशान हैं। उनका आरोप है कि पूरे इलाके के कचरे को एक ही जगह फेंककर इसे डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हावड़ा नगर निगम का नया बोर्ड बनने के बाद नागरिकों की समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
कंजरवेंसी विभाग से तत्काल सफाई की मांग
पंचशील अपार्टमेंट के निवासी प्रकाश बैद ने हावड़ा नगर निगम के कंजरवेंसी विभाग में शिकायत कर तत्काल कचरा हटाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि भविष्य में इस स्थान पर कचरा जमा होने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। अब उनकी मांग है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण करे, कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था बनाए और सड़क किनारे अवैध रूप से कचरा जमा होने पर रोक लगाए।
लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप करेगा, ताकि शिवपुर के इस व्यस्त इलाके को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके।
































