कोलकाता : पश्चिम बंगाल में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। चीनी, सरसों तेल, आलू और हरी सब्जियों की कीमतों में तेजी के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को नवान्न में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने पुलिस और प्रशासन को जमाखोरी तथा कृत्रिम रूप से बाजार में सामान की कमी पैदा करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने व्यापारी संगठनों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों को आम लोगों की पहुंच में बनाए रखना है।
जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्ती
बैठक से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अवैध जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ बिचौलिए और व्यापारी जानबूझकर बाजार में सामान की आपूर्ति कम कर रहे हैं, जिससे कीमतें बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि सरकार हमेशा कारोबारियों के साथ सहयोग करती है। ऐसे में व्यापारियों को भी सरकार का सहयोग करना चाहिए। यदि किसी थोक कारोबारी या जमाखोर द्वारा जानबूझकर बाजार में सामान की आपूर्ति रोकी जाती है, तो इसकी जानकारी प्रशासन को दी जानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
चीनी, सरसों तेल और आलू की कीमतों पर मुख्यमंत्री नाराज
बैठक में मुख्यमंत्री ने सरसों तेल, चीनी और आलू की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बाजार भाव को नियंत्रित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अलग से जल्द बैठक करने को कहा।
उन्होंने साफ किया कि जरूरी सामान की कृत्रिम कमी पैदा कर कीमतें बढ़ाने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चक्रवाती तूफान के बाद बारिश से सब्जियों की कीमतों में उछाल
दरअसल, चक्रवाती तूफान ‘आकवान’ के प्रभाव से लगातार हुई बारिश ने सर्दियों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इसका असर अब कोलकाता और आसपास के बाजारों में सब्जियों की कीमतों पर दिखाई देने लगा है।
नवान्न की बैठक में मौजूद रहे प्रशासनिक अधिकारी और व्यापारी संगठन
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में नवान्न सभागार में हुई इस बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि विपणन विभाग के सचिव तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
अब देखना होगा कि सरकार के निर्देश के बाद बाजार में सब्जियों और जरूरी खाद्य सामग्रियों की कीमतों में कितनी राहत मिलती है और जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन क्या कदम उठाता है।
































