शुभेंदु अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के पुस्तकालय से श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ऐतिहासिक भाषण से जुड़ा दस्तावेज गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। सोमवार को नवान्न में उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दस्तावेज गायब होने की शिकायत सही साबित होती है, तो तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष, सचिव, संबंधित अधिकारियों और पुस्तकालयाध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर जांच की जिम्मेदारी सीआईडी को भी सौंपी जाएगी।
4 दिसंबर को विधानसभा खुलने पर होगी जांच
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके पास श्यामा प्रसाद मुखर्जी के भाषण की एक प्रति मौजूद है, जिसे विधानसभा के रिकॉर्ड में जमा कराया जाएगा। उन्होंने कहा, “मेरे पास इसकी कॉपी है। मैं इसे रिकॉर्ड में जमा करा दूंगा। विधानसभा की लाइब्रेरी में हमें यह दस्तावेज नहीं मिला है। आगामी 4 दिसंबर को विधानसभा खुलने पर इस मामले को देखेंगे। इसकी पूरी जांच होगी और जरूरत पड़ने पर सीआईडी जांच करेगी।”
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि दस्तावेज गायब होने के मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। यदि जांच में लापरवाही या जानबूझकर दस्तावेज हटाने की बात सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बंगाल के इतिहास से जुड़ा है 20 जून 1947 का भाषण
दरअसल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 20 जून 1947 को दिया गया भाषण पश्चिम बंगाल के गठन के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज माना जाता है। वर्ष 1947 में बंगाल विभाजन की परिस्थितियों, पश्चिम बंगाल के निर्माण और राज्य के नामकरण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को समझने में इस भाषण की अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, यह केवल एक पुराना भाषण नहीं, बल्कि बंगाल के गठन के इतिहास को समझने का महत्वपूर्ण प्रमाण है। ऐसे में विधानसभा के पुस्तकालय से इस दस्तावेज का नहीं मिलना गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रोफेसर कृष्ण सरकार को तलाश के दौरान नहीं मिला दस्तावेज
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब विक्टोरिया कॉलेज के प्रोफेसर कृष्ण सरकार मौलाना अबुल कलाम आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ एशियन स्टडीज में ‘देश विभाजन और हिंदुओं की मातृभूमि के रूप में पश्चिम बंगाल का गठन’ विषय पर एक व्याख्यान की तैयारी कर रहे थे।
इसी सिलसिले में वह 20 जून 1947 को विधानसभा में हुई कार्यवाही से संबंधित दस्तावेज तलाश रहे थे। इसके लिए उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के पुस्तकालय का रुख किया, लेकिन वहां संबंधित पुस्तक और ऐतिहासिक भाषण का दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद मामला सामने आया और राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने भी जांच का किया समर्थन
मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु ने भी मामले की जांच का समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ पहले ही चर्चा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर विधानसभा के पुस्तकालय से इतना महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज कैसे गायब हुआ।
अब सबकी नजरें 4 दिसंबर को विधानसभा खुलने और प्रस्तावित जांच पर टिकी हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि दस्तावेज वास्तव में गायब हुआ है या फिर उसे किसी अन्य स्थान पर रखा गया है।
































