कोलकाता : मां की लंबी बीमारी और इलाज के बढ़ते खर्च से कथित तौर पर परेशान एक 67 वर्षीय बेटे पर अपनी 85 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना हरिदेवपुर थाना क्षेत्र के हाफिज मोहम्मद इशाक रोड की है। मृतका के बेटे सागर घोष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से पुलिस को एक चिट्ठी भी मिली है, जिसमें लिखा था, ‘मां को मुक्ति दे दी।’ पुलिस को प्राथमिक संदेह है कि यह चिट्ठी आरोपी ने अपनी बहन के लिए लिखी थी। पुलिस ने पत्र को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
सफेद धागे से गला घोंटने का आरोप, खुद 100 नंबर पर किया फोन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह सागर घोष ने कथित तौर पर सफेद धागे से अपनी मां का गला घोंट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद ही पुलिस के आपातकालीन नंबर 100 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हरिदेवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, सागर अपनी बीमार मां और वृद्ध बहन के साथ रहता था। घटना के वक्त उसकी बहन घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस अब हत्या के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी की मानसिक स्थिति सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नौकरी छूटने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहा था परिवार
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सागर घोष पेशे से इंजीनियर था, लेकिन वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन के समय उसकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद से परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। पड़ोसियों का दावा है कि नौकरी छूटने के बाद उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था। वह घर से बहुत कम निकलता था और कभी-कभार ही इलाके में दिखाई देता था।
बताया जा रहा है कि मां लंबे समय से बीमार थीं और उनके इलाज पर लगातार खर्च हो रहा था। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आर्थिक तंगी और इलाज का खर्च इस वारदात की वजह बने या इसके पीछे कोई अन्य पारिवारिक कारण था।
पत्नी पर भी हथौड़े से हमला करने का लगा था आरोप
सागर घोष का पारिवारिक जीवन पहले भी विवादों में रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2019 में उस पर अपनी पत्नी को हथौड़े से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा था। इसके बाद वर्ष 2021 में भी पत्नी पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास करने का आरोप सामने आया था। इस मामले में पत्नी ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले पत्र और पुराने पारिवारिक विवादों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
































