कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) और विशेष रूप से अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला। गृह विभाग के बजट पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि “भतीजा गुट वाली TMC का पश्चिम बंगाल में नामोनिशान नहीं रहेगा, यह मेरी जिम्मेदारी है।”यह बयान ऐसे समय आया है जब 21 जुलाई की सभा में अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि “2031 में पूरा हिसाब लिया जाएगा।” इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा, “2031 में हिसाब लेने की बात कर रहे हैं, पहले यह देखना होगा कि तब वह कहां होंगे।”
अम्फान घोटाले पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्फान राहत कोष में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी CAG रिपोर्ट विधानसभा में पेश की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि रिपोर्ट में अनियमितताएं सामने आती हैं तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी और दोषियों के खिलाफ एफआईआर की अनुमति भी मांगी जाएगी।”जो भी चोरी हुई, सब बाहर लाएंगे”शुभेंदु अधिकारी ने बिना नाम लिए अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जितनी भी चोरी हुई है, सबकी जांच होगी और एक-एक मामला सामने लाया जाएगा।” उन्होंने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में अवैध तरीके से बनाई गई संपत्तियों को जब्त कर नीलाम किया जाएगा।
पुलिस भर्ती और भ्रष्टाचार पर घोषणा
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि राज्य पुलिस में बड़ी संख्या में पद खाली हैं। उन्होंने घोषणा की कि:दुर्गा पूजा से पहले 16,000 कांस्टेबलों की भर्ती होगी।जल्द ही 20,000 और पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी।पुलिस भ्रष्टाचार रोकने के लिए हेल्पलाइन शुरू की गई है, जहां लोग शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
महिलाओं की सुरक्षा पर ‘जीरो टॉलरेंस’
महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस को सख्त कार्रवाई का निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी आदेश का इंतजार न किया जाए। उन्होंने हालिया बारुईपुर दुष्कर्म और हत्या मामले में पुलिस की कार्रवाई को उदाहरण बताया।
अभिषेक बनर्जी के बयान पर पलटवार
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि 4 मई के बाद अभिषेक बनर्जी अपने संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर क्यों नहीं गए? उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि “बड़े-बड़े बयान देने से कुछ नहीं होगा, पहले डायमंड हार्बर में खड़े होकर दिखाएं।”






























