4 दिसंबर से अयोध्या से परशुराम कुंड तक निकलेगी आमंत्रण रथयात्रा, 2027 में होगा भगवान परशुराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
कोलकाता : विप्र फाउंडेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की विशेष बैठक रविवार को कोलकाता में राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में देशभर से 150 से अधिक राष्ट्रीय पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, जोनल पदाधिकारी और विशेष आमंत्रित प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का सीधा प्रसारण जूम के माध्यम से भी किया गया।
बैठक में विप्र फाउंडेशन के संस्थापक सुशील ओझा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बनवारीलाल सोती, धर्मनारायण जोशी और राधेश्याम शर्मा ‘गुरुजी’ सहित विधायक डॉ. राजेश कुमार और विजय ओझा उपस्थित रहे। विप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय बसोतिया तथा इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर परशुराम कॉन्शसनेस की चेयरपर्सन डॉ. हर्षा त्रिवेदी भी बैठक में शामिल हुईं। कार्यक्रम का आयोजन विप्र फाउंडेशन के जोन-7 (कोलकाता) ने जोनल अध्यक्ष किशन गोस्वामी के नेतृत्व में किया।
4 दिसंबर से शुरू होगी आमंत्रण रथयात्रा
बैठक का प्रमुख आकर्षण अरुणाचल प्रदेश के श्री परशुराम कुंड में स्थापित भगवान परशुराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा ‘शक्तिपुंज परशुराम’ के अनावरण की तैयारियों पर चर्चा रहा। प्रतिमा के अनावरण समारोह में देशभर के श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने के लिए 4 दिसंबर 2026 से आमंत्रण रथयात्रा शुरू होगी।

यह रथयात्रा उत्तर प्रदेश के अयोध्या से प्रारंभ होकर 24 दिसंबर 2026 को अरुणाचल प्रदेश के श्री परशुराम कुंड पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। प्रतिमा का अनावरण जनवरी-फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। इसकी अंतिम तिथि संबंधित अधिकारियों से चर्चा के बाद घोषित की जाएगी।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। परशुराम मूर्ति स्थापना समिति का पुनर्गठन करते हुए धर्मनारायण जोशी को चेयरमैन, परमेश्वर शर्मा को अध्यक्ष और रमेश शर्मा को संयोजक मनोनीत किया गया। समिति में आठ अन्य पदाधिकारी भी शामिल किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त संगठन के कार्यों और गतिविधियों की निगरानी के लिए अनुशासन उच्चाधिकार समिति का गठन किया गया। राधेश्याम शर्मा को इसका अध्यक्ष और श्रीकांत पाराशर को संयोजक बनाया गया। समिति में डॉ. विजय बसोतिया, अशोक पारीक, महावीर प्रसाद शर्मा, कुलदीप व्यास, जितेंद्र कुमार भारद्वाज, लोकेश शर्मा, बनवारीलाल सेवदा, रामनारायण भैरवलाल शर्मा और हरिनारायण व्यास को सदस्य बनाया गया है।

विप्र फाउंडेशन के आगामी कार्यक्रमों में 17 से 23 दिसंबर 2026 तक गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र भागवत महोत्सव, 13 से 15 जनवरी 2027 तक परशुराम कुंड में मकर संक्रांति मेला एवं राहत शिविर तथा 14 मार्च 2027 को गणेश जीमण शामिल हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली ने कहा कि परशुराम कुंड में भगवान परशुराम की प्रतिमा समाजबंधुओं के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। आमंत्रण रथयात्रा के माध्यम से देश के हर कोने तक अनावरण समारोह का निमंत्रण पहुंचाया जाएगा।































