भाजपा विधायक के साथ तस्वीर दिखाकर धमकाने का दावा
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णनगर में एक महिला से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपित को भाजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि वह खुद को कृष्णनगर दक्षिण के भाजपा विधायक साधन घोष का करीबी बताकर उन्हें डराता-धमकाता था। महिला का दावा है कि विधायक के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर आरोपित कहता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस मामले में कोतवाली थाने में दुष्कर्म और हत्या की कोशिश की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश की जा रही है।
घर की दीवार फांदकर घुसने और दुष्कर्म का आरोप
शिकायत के मुताबिक, घटना शुक्रवार की है। कृष्णनगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली करीब 30 वर्षीय विवाहित महिला के घर आरोपित पहुंचा था। उस समय महिला का पति घर पर नहीं था, जबकि उसका नाबालिग बेटा दूसरे कमरे में मौजूद था।
महिला का आरोप है कि वह रात में घर की बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपित घर की चारदीवारी फांदकर अंदर घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब उसने इसका विरोध किया और शिकायत करने की कोशिश की, तो आरोपित ने उसके साथ मारपीट की।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि बाद में आरोपित कुछ अन्य लोगों के साथ महिला के घर पहुंचा और वहां हमला किया। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि आरोपित इलाके में प्रभावशाली है और राजनीतिक संपर्कों का हवाला देकर महिला को डराता था। परिवार ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की है।
महिला ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर वह धमकी देता था कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। हालांकि, तस्वीरों या कथित राजनीतिक संबंध के आधार पर आरोपित और विधायक के बीच किसी विशेष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने देरी के आरोपों को किया खारिज
पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया है कि शुरुआत में शिकायत पर पुलिस ने अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई और राजनीतिक प्रभाव के कारण कार्रवाई में देरी हुई। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया है।
कृष्णनगर पुलिस जिले की डीएसपी शिल्पी पाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर दुष्कर्म और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का बयान भी दर्ज किया जा चुका है और मामले की जांच जारी है।
डीएसपी के मुताबिक, आरोपित की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर है।
भाजपा विधायक ने आरोपित को जानने से किया इनकार
विवाद में नाम आने के बाद कृष्णनगर दक्षिण के भाजपा विधायक साधन घोष ने आरोपित को व्यक्तिगत रूप से जानने से इनकार किया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कई लोग उनसे मिलने आए थे और सम्मानित किया था। जनप्रतिनिधि होने के कारण लोग उनके साथ सेल्फी भी लेते हैं। विधायक के अनुसार, केवल तस्वीर के आधार पर इस तरह उनका नाम किसी मामले से जोड़ना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन कानून अपना काम करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आरोपित किस राजनीतिक दल से जुड़ा है, इससे जांच और कानूनी कार्रवाई पर कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
दूसरी ओर, कालीगंज की विधायक और तृणमूल महिला कांग्रेस की राज्य अध्यक्ष अलीफा अहमद ने घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अव्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पीड़िता की शिकायत के आधार पर जांच तेज करने और सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की।
































