17 सितंबर से सितंबर-अक्टूबर तक चलेगा अभियान; घर-घर संपर्क के साथ युवाओं से संवाद और कल्याणकारी योजनाओं से वंचित लोगों की मदद पर जोर
कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर पश्चिम बंगाल बीजेपी ने राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। पार्टी सितंबर और अक्टूबर के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसके तहत जनसेवा, जनसंपर्क और युवाओं के साथ संवाद को प्रमुखता दी जाएगी।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम में पिछले 25 वर्षों के दौरान जनसेवा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान को जनता के सामने रखा जाएगा। यह अभियान जिला, ब्लॉक और सब-डिविजन स्तर तक चलाया जाएगा।
घर-घर पहुंचेंगे बीजेपी कार्यकर्ता
अभियान के तहत बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इस दौरान केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकारों की उपलब्धियों के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति को भी जनता के सामने रखा जाएगा। शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था में हुए सुधार और विकास को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
हर बूथ पर जलेंगे 25 दीये
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बीजेपी कार्यकर्ता उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना के लिए दीप जलाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, राज्य के प्रत्येक बूथ पर 25 दीये जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। पार्टी का दावा है कि यह कार्यक्रम देश के अन्य हिस्सों में होने वाले आयोजनों के साथ बंगाल में भी आयोजित किया जाएगा।
‘सेवा सेतु’ के जरिए जरूरतमंदों की मदद
अभियान का एक प्रमुख हिस्सा ‘सेवा सेतु अभियान’ होगा। इसके तहत तीन दिनों तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ऐसे पात्र लोगों की मदद की जाएगी, जो केंद्र या राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने से अब तक वंचित रह गए हैं। पार्टी कार्यकर्ता ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
Gen Z से संवाद पर भी जोर
बीजेपी ने अभियान में युवा संवाद को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया है। शमिक भट्टाचार्य ने Gen Z को लेकर कहा कि युवा पीढ़ी को समाज के बाकी हिस्से से अलग करके देखने की सोच सही नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सवाल पूछने और अपनी भाषा में अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देश में सामाजिक मुद्दों पर युवाओं का सवाल करना, चर्चा करना और विरोध जताना लोकतंत्र के लिए सकारात्मक बात है। बीजेपी युवाओं के सवाल पूछने के अधिकार को कम नहीं करेगी।





























