दुर्गा पूजा की तैयारियों के विज्ञापन में तस्वीर को लेकर CPM और तृणमूल ने साधा निशाना, बीजेपी ने एजेंसी की गलती बताई
कोलकाता : दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार की ओर से जारी एक विज्ञापन में देवी दुर्गा को 11 भुजाओं के साथ दिखाए जाने पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। विपक्षी CPM और तृणमूल कांग्रेस ने इस तस्वीर को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने इसे संभवतः विज्ञापन एजेंसी की गलती बताते हुए कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “मां और भी शक्तिशाली हो गई हैं।”
कुणाल घोष ने पूछा- 11वीं भुजा किस शास्त्र के अनुसार?
तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन की तस्वीर साझा करते हुए बीजेपी सरकार पर तंज कसा। उन्होंने सवाल उठाया कि पारंपरिक रूप से दस भुजाओं वाली देवी दुर्गा को सरकारी विज्ञापन में 11 भुजाओं के साथ क्यों दिखाया गया है।
उन्होंने पूछा कि आखिर किस शास्त्र के आधार पर 2026 में देवी दुर्गा को 11 भुजाओं वाली दिखाया गया है।
CPM ने भी साधा निशाना
CPM नेता शतरूप घोष ने भी विज्ञापन को लेकर बीजेपी सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि देवताओं ने असुरों के वध के लिए मां दुर्गा को दस भुजाएं और अस्त्र-शस्त्र दिए थे, जबकि बीजेपी सरकार ने उन्हें एक अतिरिक्त भुजा दे दी है।
उन्होंने इस तस्वीर को राज्य में दुर्गा पूजा के दौरान खान-पान को लेकर चल रही बहस से जोड़ते हुए सरकार पर व्यंग्य किया।
शाकाहारी-मांसाहारी भोजन को लेकर भी विवाद
राज्य में सरकार बदलने के बाद पहली दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हैं। इसी बीच पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन की बिक्री को लेकर भी बहस छिड़ी हुई है। कुछ हिंदुत्ववादी संगठनों ने पूजा परिसरों के पास मांसाहारी भोजन की बिक्री का विरोध किया है। पूजा की थीम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अलग-अलग संगठनों की ओर से आपत्तियां सामने आई हैं।
क्या है पूरा मामला?
सोमवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मिलन मेला ग्राउंड में दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक की। इससे पहले राज्य के सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग की ओर से कई अखबारों में दुर्गा पूजा की तैयारियों और समन्वय बैठक को लेकर विज्ञापन प्रकाशित किया गया।
विज्ञापन में देवी दुर्गा की एक तस्वीर है, जिसमें उन्हें 11 भुजाओं के साथ दिखाया गया है। इसी तस्वीर को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।






























