कोलकाता : न्यू टाउन में बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित हवाला रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, कई अत्याधुनिक नोट गिनने की मशीनें, 4 कारें और एक स्कूटी जब्त की है। इस मामले में एक महिला समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बिधाननगर पुलिस की साइबर क्राइम शाखा, डिटेक्टिव डिपार्टमेंट और टेक्नो सिटी थाना की संयुक्त टीम ने न्यू टाउन के स्ट्रीट नंबर 786 स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी की।जैसे ही पुलिस टीम घर के अंदर पहुंची, वहां बड़ी मात्रा में नकदी के बंडल देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। कमरे में अलग-अलग स्थानों पर बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई थी।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 7 लोग गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान मौजूद लोगों से बरामद नकदी के स्रोत और उसके उपयोग के संबंध में पूछताछ की गई। हालांकि कोई भी व्यक्ति इस रकम के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने मौके से एक महिला सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया हवाला कनेक्शन
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को हवाला कारोबार से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि टेक्नो सिटी थाना क्षेत्र के स्ट्रीट नंबर 786 स्थित इस मकान को किराए पर लेकर पिछले कई दिनों से कथित रूप से हवाला लेनदेन का संचालन किया जा रहा था।
दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं अधिकांश आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अधिकांश लोग पश्चिम बंगाल के बाहर के राज्यों के निवासी हैं। पुलिस अब उनके आपसी संपर्क, बैंकिंग ट्रांजैक्शन, मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
बिधाननगर पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बरामद नकदी कहां से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।






























