ट्रक की टक्कर के बाद अस्पताल में भर्ती
पूर्व बर्दवान | ओजस भारत डिजिटल
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के गलसी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राज्य के मंत्री खुदीराम टुडू की पत्नी मालती टुडू की कार को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (दिल्ली-कोलकाता हाईवे) पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मालती टुडू और उनके चालक मंगल मुर्मू घायल हो गए। दोनों को तुरंत बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मालती टुडू बुधवार सुबह बर्दवान से अपने पैतृक घर बांकुड़ा जा रही थीं। इसी दौरान गलसी के सुरुल फ्लाईओवर पर एक अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक वैन को टक्कर मारी और फिर उनकी कार से जा भिड़ा।कार चालक मंगल मुर्मू ने समय रहते ब्रेक लगाकर वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मालती टुडू को सिर और हाथ में चोट
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मालती टुडू के सिर और बाएं हाथ में चोट आई है। एहतियात के तौर पर उनका सीटी स्कैन भी कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।वहीं चालक मंगल मुर्मू के हाथ में चोट लगी है। हादसे में वैन चालक कार्तिक हाजरा भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पूर्व बर्दवान की पुलिस अधीक्षक पुष्पा ने बताया कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है और ट्रक चालक की भूमिका सहित पूरे मामले की जांच की जा रही है।






























