कोलकाता, 21 जुलाई : पश्चिम बंगाल की राजनीति में 21 जुलाई शहीद दिवस रैली के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) की संस्थापक और वरिष्ठ नेता ममता बनर्जी ने पार्टी के बागी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें पर्दे के पीछे काम करने के बजाय सीधे भाजपा में शामिल होकर चुनाव लड़ना चाहिए।
ममता बनर्जी ने कहा, “मैं गद्दारों को चुनौती देती हूं कि वे सीधे भाजपा में शामिल हों और चुनाव लड़ें। भाजपा का ‘साइड पिलो’ बनकर काम करना बंद करें।”उन्होंने बागी नेताओं पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उन्हें भाजपा का समर्थन करना है तो खुलकर भाजपा में चले जाएं। उन्होंने कहा, “जितने लोग पार्टी छोड़कर जाएंगे, मुझे उतनी ही खुशी होगी। मेरे छात्र और युवा कार्यकर्ता हर खाली जगह भरने के लिए तैयार हैं।””
चोर BJP में चले गए, अब उन्हें वापस नहीं लेंगे”
ममता बनर्जी ने साफ शब्दों में कहा कि जो नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में गए हैं, उन्हें दोबारा तृणमूल कांग्रेस में शामिल नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा, “वे चोर भाजपा में चले गए हैं। मैं उन्हें कभी वापस नहीं लूंगी।”
चुनाव चिन्ह छीनने की साजिश का आरोप
टीएमसी प्रमुख ने आरोप लगाया कि बागी नेता भाजपा की मदद से पार्टी के ‘जुड़वा फूल’ (Twin Flower) चुनाव चिन्ह को छीनने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसा संभव नहीं है क्योंकि वह पार्टी की संस्थापक और अध्यक्ष हैं।
जिलों के दौरे का ऐलान
ममता बनर्जी ने घोषणा की कि शहीद दिवस कार्यक्रम के बाद वह पश्चिम बंगाल के सभी जिलों का दौरा करेंगी।उन्होंने कहा, “अब मैं जिलों में जाऊंगी। मैं देखना चाहती हूं कि मुझे कौन रोकता है।”
शहीद दिवस कार्यक्रम में बाधा डालने का आरोप
ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने उनके गुट के शहीद दिवस कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि मंच को निशाना बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी रात मंच की सुरक्षा करनी पड़ी।इस बार 21 जुलाई का शहीद दिवस केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच शक्ति प्रदर्शन का मंच भी बन गया।






























