दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन और ब्रात्य बसु की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दोनों पूर्व मंत्रियों समेत कई सरकारी अधिकारियों के खिलाफ कोलकाता के बागुईआटी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, जबरन वसूली और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, ये सभी फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोप हैं, जिनकी पुलिस जांच होनी बाकी है।
सूत्रों के मुताबिक, कथित पीड़िताओं ने पहले पुलिस के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार ने 17 नवंबर को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत बागुईआटी थाने के आईसी के पास लिखित शिकायत दी थी। इसी आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई।
कई सरकारी अधिकारियों के नाम भी शिकायत में
शिकायत में पूर्व मंत्रियों इंद्रनील सेन और ब्रात्य बसु के अलावा कई सरकारी अधिकारियों के नाम भी शामिल होने की बात सामने आई है। आरोपों में दुष्कर्म के प्रयास, यौन उत्पीड़न, जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश जैसी धाराओं से जुड़े मामले उठाए गए हैं।
बागुईआटी थाने की ओर से बताया गया है कि जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद शिकायत को संबंधित थाने में भेज दिया गया है। अब संबंधित थाना शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगा और आगे की कानूनी कार्रवाई तय करेगा।
पहले भी विवादों में रहे हैं इंद्रनील सेन
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन को पिछले अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था। उन पर यूनेस्को के नाम का कथित इस्तेमाल कर दुर्गापूजा के पास बेचने और करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहले भी उनसे कई बार पूछताछ कर चुका है। जांच एजेंसी ने उनके कई ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया था।
भाजपा ने निष्पक्ष जांच की मांग की
इस मामले पर पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रवक्ता देवजीत सरकार ने कहा कि शिकायत करने वाले लोग सामने आकर अपनी बात रख रहे हैं और मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच में किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं होना चाहिए।
देवजीत सरकार के मुताबिक, यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
फिलहाल जीरो एफआईआर संबंधित थाने को भेज दी गई है। अब पुलिस जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस मामले में आगे किन लोगों की भूमिका सामने आती है।
































