मंगलवार को हावड़ा, हुगली और पूर्वी बर्धमान में तेज बारिश के आसार, उत्तर बंगाल के तीन जिलों में भी खराब मौसम; कोलकाता में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभव
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मंगलवार को राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण बंगाल में हावड़ा, हुगली और पूर्वी बर्धमान, जबकि उत्तर बंगाल में जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ राजस्थान और उत्तर प्रदेश से होते हुए पश्चिम बंगाल तक पहुंच गया है। यह ट्रफ राज्य में पुरुलिया और दीघा से होते हुए पूर्व की ओर त्रिपुरा तक फैला हुआ है। वहीं, बिहार के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण दक्षिण बंगाल में बारिश और गरज के साथ आंधी की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
कोलकाता में कैसा रहेगा मौसम?
मंगलवार को कोलकाता में आसमान मुख्य रूप से बादलों से ढका रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सुबह के समय पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर और तटीय जिलों पूर्व मेदिनीपुर तथा दक्षिण 24 परगना के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है।
बुधवार को इन जिलों में भारी बारिश
मंगलवार और बुधवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में छिटपुट आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार को हावड़ा, हुगली और पूर्वी बर्धमान में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं बुधवार को बांकुड़ा, झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश हो सकती है।
गुरुवार से बारिश की रफ्तार घटने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से दक्षिण बंगाल में बुधवार तक बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रह सकता है। गुरुवार से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है, हालांकि पूरी तरह बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दूसरी ओर, उत्तर बंगाल में अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम का दौर जारी रह सकता है।






























