सुप्रीम कोर्ट से सुरक्षा हटते ही CID ने की कार्रवाई
कोलकाता : सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी पर मिली सुरक्षा हटाए जाने के कुछ ही समय बाद CID ने तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) सुमित रॉय को गिरफ्तार कर लिया। CID अधिकारियों ने गुरुवार दोपहर कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंचकर सुमित को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें भवानी भवन ले जाया गया। अभिषेक बनर्जी फिलहाल इलाज के लिए विदेश में हैं।
सुमित की गिरफ्तारी शालबोनी जमीन घोटाला मामले में हुई है। इससे पहले हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद सुमित ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए गिरफ्तारी से मिली सुरक्षा हटा दी।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आते ही कालीघाट पहुंची CID
सुप्रीम कोर्ट का फैसला सामने आने के तुरंत बाद CID की टीम भारी पुलिस बल के साथ अभिषेक के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची। अधिकारियों के घर में प्रवेश करने के दौरान वहां मौजूद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के साथ कुछ देर तक धक्का-मुक्की और बहस की स्थिति बनी। बाद में गेट खोला गया और CID अधिकारी अंदर दाखिल हुए।
घर के अंदर सुमित रॉय के दिखाई देते ही पुलिस अधिकारियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठाया गया और भवानी भवन ले जाया गया।
जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सुमित को गिरफ्तारी से मिली सुरक्षा हटाते हुए कहा कि उन्हें जांच में सहयोग करने का पर्याप्त अवसर दिया गया था, लेकिन उन्होंने जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं किया।
राज्य की ओर से अदालत में भी आरोप लगाया गया था कि सुमित जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। बुधवार की सुनवाई के दौरान राज्य ने अदालत को बताया था कि जून महीने में सुमित के बैंक खाते में करीब 71 लाख रुपये जमा हुए थे। जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया कि उनके खाते में कुल मिलाकर करीब 15 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। जांच एजेंसियां इन रकम के स्रोत को लेकर सवाल उठा रही हैं।
पूछताछ का रिकॉर्ड भी अदालत में पेश
राज्य ने सुमित से हुई पूछताछ का लिखित रिकॉर्ड अदालत में पेश किया था। इसके साथ ही सुमित की ओर से भी मामले से संबंधित एक लिखित दस्तावेज अदालत में दाखिल किया गया।
दोनों पक्षों की ओर से पेश दस्तावेजों और जांच रिकॉर्ड पर विचार करने के बाद मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि सुमित को जांच में सहयोग करने के लिए समय और अवसर दिया गया था, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहे।
शुक्रवार को कोर्ट में पेशी की संभावना
CID सूत्रों के मुताबिक, सुमित रॉय को शुक्रवार को मिदनापुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसी उन्हें अपनी हिरासत में लेने की मांग कर सकती है। अब CID शालबोनी जमीन घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और जांच में कथित असहयोग के बिंदुओं पर उनसे पूछताछ कर सकती है।
सुप्रीम कोर्ट की गुरुवार की सुनवाई वाली पीठ में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के अलावा जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल थे।






























