पूर्वी मेदिनीपुर के मोयना में सनसनीखेज घटना, सिर के पीछे चोट के निशान
कोलकाता : पूर्वी मेदिनीपुर के मोयना थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पान के एक खेत से करीब 47 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। महिला के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। शव की हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, महिला की मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतका की पहचान राधारानी अधिकारी के रूप में हुई है। वह पूर्व-दक्षिण मोयना गांव की रहने वाली थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं।
पान के खेत में पड़ा मिला शव
जानकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के स्थानीय निवासी अरूप जाना रोज की तरह अपने पान के खेत का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े महिला के शव पर पड़ी। महिला के शरीर पर कपड़े नहीं थे और उसके हाथ, पैर तथा मुंह बंधे हुए थे। सिर के पिछले हिस्से पर चोट का निशान भी मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही अरूप जाना ने मोयना थाने को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। ऑफिसर-इन-चार्ज अर्कादीप हलदर के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या या किसी दूसरी वजह से हुई मौत?
महिला का शव जिस स्थिति में मिला, उससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। वह पान के खेत तक कैसे पहुंचीं? उनके हाथ-पैर और मुंह किसने बांधे? शरीर पर कपड़े क्यों नहीं थे? सिर के पीछे लगी चोट किस वजह से आई? इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है।
स्थानीय लोगों ने घटना को हत्या से जोड़कर देखा है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
परिवार से मिले पंचायत समिति अध्यक्ष
घटना की जानकारी मिलने के बाद मोयना पंचायत समिति के अध्यक्ष गौतम गुरु ने मृतका के परिवार से मुलाकात की। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह पान के खेत तक कैसे पहुंचीं।






























