
कोलकाता: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कोलकाता के बड़ाबाजार स्थित सत्यानारायण पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उत्तर कोलकाता की विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में यह सभा की।
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा कि पहले कांग्रेस ने बंगाल को लूटा, फिर कम्युनिस्टों ने नुकसान पहुंचाया और अब पिछले 15 वर्षों से टीएमसी राज्य को कंगाल बनाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल, जो कभी ज्ञान और उद्योग का केंद्र था, आज बेरोजगारी और अव्यवस्था का शिकार हो गया है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य में 30 लाख से अधिक युवा बेरोजगार हैं और उद्योग लगातार बंद हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि “बुआ-भतीजा” की राजनीति बंगाल की पहचान को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की अस्मिता के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार धार्मिक आयोजनों में भेदभाव करती है। योगी ने कहा कि दुर्गा पूजा में बाधाएं डाली जाती हैं, शोभायात्राओं पर रोक लगाई जाती है और महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में अराजकता थी, लेकिन अब वहां “उत्सव और विकास” का माहौल है, जो भाजपा की डबल इंजन सरकार के कारण संभव हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में भाजपा को 80 प्रतिशत सीटों पर बढ़त मिल रही है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि 4 मई के बाद बंगाल में बदलाव आएगा और “सोनार बंगाल” का निर्माण होगा।
अंत में योगी आदित्यनाथ ने बड़ाबाजार को बंगाल का समृद्ध और ऐतिहासिक व्यापारिक केंद्र बताते हुए कहा कि इसकी पहचान और अस्मिता की रक्षा करना जरूरी है।











