
कोलकाता : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा शुक्रवार से पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं. उन्होंने सिलीगुड़ी में रोड शो किया और शनिवार को कोलकाता में दिन भर उनका व्यस्त कार्यक्रम रहा. इस दिन कोलकाता में राजस्थान प्रवासी सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए भजन लाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल के मारवाड़ी समाज से भाजपा के समर्थन में वोट देने की अपील की. उन्होंने कहा कि यहाँ भाजपा की डबल इंजन की सरकार आयी तो राजस्थान की तरह पश्चिम बंगाल में भी विकास होगा। भजन लाल शर्मा ने कहा कि बंगाल में इस बार परिवर्तन की लहर है. लोगों के मन से परिवर्तन की मांग आ रही है. उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल में बड़ा परिवर्तन होने वाला है. राजस्थान के CM ने प्रवासी राजस्थानियों से कहा, आपके बीच में यह बात इसलिए कह रहा हूँ कि आप प्रवासी भी हैं और यह आपका कर्मक्षेत्र भी है। आप अपना कारोबार चला रहे हैं. आप या आपके पूर्वज यहां आये होंगे, कई व्यापार के लिए आये तो कई परिस्थितियों से आये. राजस्थान में पानी को लेकर काफी संकट की स्थिति थी. उन्होंने बताया कि राजस्थान फाउंडेशन के 40 चैप्टर देश और दुनिया में है. पिछले दिनों हमने राजस्थानी प्रवासी सम्मलेन किया। कार्यक्रम में 12000 लोगों ने अपनी भागेदारी की, हमें ऑनलाइन पोर्टल बंद करना पड़ा था. अगली बार इसे बड़े पैमाने पर करने के लिए हम राजस्थान मंडपम बना रहे हैं. हमें हमारे बच्चो, को संस्कार देने हैं कि वे राजस्थान की मिटटी से जुड़े रहे. वहां उद्योग लगाने पर बच्चे और जुड़ेंगे। हम हमेशा राष्ट्रवाद को लेकर चलते हैं. हम जहाँ भी जाते हैं, हमें हमारी मिटटी दिखती है. हर राजस्थानी के अंदर राष्ट्र के प्रति प्रेम है, यह हमारे खून में है. उन्होंने कहा कि सामजिक सरोकार के कार्यों में भी हम जुड़े रहते हैं. बंगाल का चुनाव हम सभी देख रहे हैं, किस तरह की स्थिति यहाँ है. आप अपनी पूरी बात भी यहाँ नहीं कह सकते। अबकी बार लग रहा है कि बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है. मारवाड़ियों में कितना दम है, यह मैं जानता हूँ. इसलिए आपसे अपील है कि अपने संपर्क के सभी लोगों से कहें कि यहाँ बीजेपी की सरकार आने वाली है और इसमें अपनी सहभागिता निभाएं। 2014 के बाद देश में जो परिवर्तन हुआ, वह आप सभी को दिख रहा है, गरीब कल्याण से लेकर आतंकवाद का खात्मा, देश का गौरव आप भी महसूस कर रहे होंगे। यह आपकी कर्मभूमि है, यहाँ के लिए भी आपकी जिम्मेदारी बनती है. राजस्थान आपका इंतज़ार कर रहा है, पधारो म्हारे देश.
















