17 सितंबर को खातों में आएंगे ₹3,000, नवंबर-दिसंबर में फिर से आवेदन का मौका
कोलकाता : अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि अगस्त महीने की योजना की राशि 17 सितंबर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को ₹3,000 की आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, अन्नपूर्णा योजना से राज्य की करीब 1.48 करोड़ महिलाएं लाभान्वित होंगी। सरकार का कहना है कि योजना की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
नवंबर-दिसंबर में फिर खुलेगा आवेदन
सरकार ने अन्नपूर्णा योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन का एक और अवसर देने का भी फैसला किया है। इसके तहत नवंबर और दिसंबर में दोबारा आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र लोगों को योजनाओं के दायरे में लाना है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सके हैं या योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि उसकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी योग्य व्यक्ति को सरकारी सहायता से वंचित न रहना पड़े।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक होंगे विशेष कार्यक्रम
इस बीच मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशासनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। सरकार के अनुसार, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





























