शिव मंदिर में की पूजा
कोलकाता : फलता विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार मंगलवार को समाप्त हो रहा है। हालांकि इस उपचुनाव का असर राज्य की समग्र राजनीति पर बहुत बड़ा नहीं माना जा रहा, लेकिन भाजपा अपने सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। मुख्यमंत्री के लगातार फलता दौरे इसी रणनीति का संकेत दे रहे हैं। कुछ दिन पहले सभा करने के बाद मंगलवार को प्रचार के आखिरी दिन भी मुख्यमंत्री फलता पहुंचे।
मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने सबसे पहले फलता के एक शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बंगनगर-2 पंचायत के हासीमनगर स्थित कालीतला मैदान से उन्होंने रोड शो शुरू किया। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री भी लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। भीड़ अधिक होने के कारण कई बार रोड शो की रफ्तार धीमी पड़ गई।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री भाजपा कार्यकर्ता स्वपन मंडल के घर मध्याह्न भोजन के लिए पहुंचे। आरोप है कि वर्ष 2021 के चुनाव बाद हुई हिंसा के दौरान स्वपन मंडल की हत्या कर दी गई थी।
इस चुनावी मुकाबले में डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पर्यवेक्षक अजयपाल शर्मा और तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच कथित “कोल्ड वॉर” भी चर्चा का विषय रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस विवाद ने फलता चुनाव की अहमियत और बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि पिछले शनिवार को फलता में आयोजित एक जनसभा में मुख्यमंत्री ने तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान को लेकर तीखा बयान दिया था। उन्होंने कहा था, “पहले वोट खत्म होने दीजिए, उसके बाद उसका इंतजाम करूंगा। इसकी जिम्मेदारी मेरी है।”
मतदान के बाद विपक्षी दलों ने कई बूथों पर निष्पक्ष मतदान नहीं होने का आरोप लगाया था। स्थिति की समीक्षा करने के बाद चुनाव आयोग ने कुछ बूथों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला किया है। फलता में पुनर्मतदान 21 मई को होगा, जबकि मतगणना 24 मई को निर्धारित है।

























