बदला प्रदर्शन स्थल; बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ा मार्च
नई दिल्ली : दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच शनिवार को नया घटनाक्रम सामने आया। कोकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने के बाद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की नेता नेहा बोरा प्रदर्शन की कमान संभालने के लिए मैदान में उतर गईं। उन्होंने विरोध प्रदर्शन का स्थल बदलते हुए दिल्ली हाट में जुटने का आह्वान किया।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे नेहा बोरा समर्थकों के साथ मार्च पर निकलीं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगे कई बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। नेहा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर मार्च की जानकारी साझा की और समर्थकों से दिल्ली हाट पहुंचने की अपील की। हालांकि, वहां भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा, दिल्ली हाट को बनाया नया प्रदर्शन स्थल
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने की मांग पर शनिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इस कार्यक्रम में नेहा बोरा के भी शामिल होने की योजना थी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और तनाव की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस पहले से सतर्क थी। शुक्रवार रात से ही राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। प्रमुख सड़कों और रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए थे, ताकि प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोका जा सके।
शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे दीपके और उनके साथियों को एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया गया। बताया गया कि पुलिसकर्मी विमान में पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए। इसके अलावा CJP के कई नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी हिरासत में लिया गया। वामपंथी नेताओं वृंदा करात और पिनराई विजयन को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
‘दिल्ली हाट ही आज का जंतर-मंतर’
पुलिस की सख्ती और जंतर-मंतर के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नेहा बोरा ने प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश देते हुए कहा, “दिल्ली हाट ही आज का जंतर-मंतर है। हम आ रहे हैं।”
इसके बाद वह समर्थकों के साथ मार्च पर निकल पड़ीं। सोशल मीडिया पर प्रसारित लाइव वीडियो में प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए। रास्ते में बैरिकेड लगाए जाने पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन्हें हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम से इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी।
हिरासत से पहले दीपके ने जारी किया था संदेश
CJP की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश भी जारी किया गया। यह वीडियो अभिजीत दीपके ने हिरासत में लिए जाने से पहले रिकॉर्ड किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि यदि उन्हें हिरासत में लिया जाता है या गिरफ्तार किया जाता है, तो विरोध प्रदर्शन की अगुवाई अजींक्य शिंदे करेंगे।
दीपके ने प्रदर्शनकारियों से यह भी अपील की थी कि नेताओं की धरपकड़ देखकर वे आंदोलन से पीछे न हटें। नेहा बोरा के मार्च शुरू करने को इसी रणनीति की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
दिल्ली हाट में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के बाद पुलिस ने वहां भी हिरासत की कार्रवाई शुरू कर दी। ऐसे में शनिवार को राजधानी में विरोध प्रदर्शन और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।































