उगाही और धोखाधड़ी के आरोप में तृणमूल नेता के दो करीबी सहयोगी भी पकड़े गए, शुक्रवार को बैरकपुर कोर्ट में होगी पेशी
कोलकाता : जबरन वसूली और धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने दमदम नगरपालिका के पूर्व डिप्टी चेयरमैन और तृणमूल नेता बरुन नट्टा को गिरफ्तार किया है। उनके दो कथित करीबी सहयोगियों नयनशीश दास उर्फ जॉनी और सुमंत घोष उर्फ लालटू को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नयनशीश दास दमदम नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 की पूर्व पार्षद पर्णा दास के बेटे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीनों आरोपियों को शुक्रवार को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इनके खिलाफ जबरन वसूली और धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रमोटर की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को प्रमोटर सुजॉय मजूमदार ने दमदम थाने में जबरन वसूली और धोखाधड़ी को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बरुन नट्टा समेत तीनों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया।
दस दिन की पुलिस हिरासत की मांग
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस तीनों आरोपियों की दस दिन की हिरासत की मांग करते हुए कोर्ट में आवेदन करेगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या बरुन नट्टा और उनके सहयोगी सीधे तौर पर कथित जबरन वसूली में शामिल थे। इसके अलावा, इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और यदि धोखाधड़ी के जरिए कोई वित्तीय लेन-देन हुआ है, तो उसकी पूरी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
‘जनता दरबार’ में शिकायत के दो दिन बाद कार्रवाई
बताया जा रहा है कि हाल ही में एक प्रमोटर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के ‘जनता दरबार’ में पहुंचा था और जबरन वसूली की शिकायत की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के दो दिन के भीतर ही तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई। गिरफ्तार आरोपियों में तृणमूल नेता और दमदम नगरपालिका के पूर्व डिप्टी चेयरमैन बरुन नट्टा भी शामिल हैं।






























