ECL कर्मचारी के तबादले का वादा कर रिश्वत लेने का आरोप, घर और कोलियरी कार्यालय में देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन
बर्धमान : पश्चिम बर्धमान के पांडबेश्वर कोयला क्षेत्र में CBI ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए तृणमूल से जुड़े मजदूर संघ के एक नेता को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ECL का कर्मचारी भी बताया जा रहा है। CBI ने गुरुवार को उसे आसनसोल की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
हुई गिरफ्तारी
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकरलाल हरिजन के रूप में हुई है। वह पांडबेश्वर विधानसभा क्षेत्र के साउथ श्यामला कोलियरी इलाके का रहने वाला है और ECL कर्मचारी संघ से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ बताया जाता है।
₹20 हजार रिश्वत लेने का आरोप
सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात CBI की तीन सदस्यीय टीम ने साउथ श्यामला कोलियरी में छापेमारी की। इसी दौरान शंकरलाल को कथित तौर पर ₹20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया। आरोप है कि उसने ECL के एक कर्मचारी का तबादला कराने के बदले यह रकम मांगी थी। संबंधित कर्मचारी बीमारी के कारण खदान के अंदर काम करने में असमर्थ बताया जा रहा है।
घर और कोलियरी कार्यालय में तलाशी
गिरफ्तारी के बाद CBI अधिकारियों ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कोलियरी कार्यालय से लेकर आरोपी के घर तक कई ठिकानों पर तलाशी ली गई। सूत्रों के मुताबिक, यह अभियान पूरी रात चला। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें जब्त किए जाने की बात सामने आई है।
बड़े रैकेट की भी होगी जांच
कुछ ECL कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि संबंधित नेता लंबे समय से काम की जगह पर विशेष सुविधाएं दिलाने या कर्मचारियों के काम से जुड़े मामलों में मदद करने के बदले पैसे ले रहा था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
CBI सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई थी। जब्त दस्तावेजों और फाइलों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिश्वतखोरी का यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है।






























