रेड सेल्यूट किशन जी कहने वालों को किया जा रहा चिन्हित
34 सालों का पूरा इतिहास है, एक-एक को करेंगे टार्गेट
जरुरत पड़ी तो बनायेंगे कमीशन
कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने गुरुवार को विधानसभा में वाममोर्चा पर कड़ा हमला बोला। द वेस्ट बंगाल यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज (एडमिनिस्ट्रेशन एंड रेगुलेशन) (अमेन्डमेन्ट बिल) पर चर्चा के दौरान CM शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि माकपा और ISF यह समझ गयी कि बिल से कहाँ चोट पहुंचेगी। ऋषि अरबिंद द्वारा तैयार जादवपुर यूनिवर्सिटी जिसे हम सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस बनाना चाहते हैं, वहां स्टूडेंट्स से जबरन ‘कश्मीर मांगे आज़ादी’, ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ जैसे नारे लगवाए जा रहे हैं। ऐसे नारे लगवाने पर हम आपके टुकड़े कर देंगे। स्वामी प्रणवानन्द की भूमि पर रेड सेल्यूट कहने वालों को चिन्हित किया गया है।
CM ने कहा कि स्टूडेंट्स का ब्रेन वाश करने वालों को कड़ी दवा देनी होगी। जरुरत पड़ने पर कमीशन बनाएंगे। माकपा पर निशाना साधते हुए CM ने कहा कि मैं सब साथ लेकर आया हूं। आप लोगों ने कब क्या किया, सब मेरे पास है। पूरा इतिहास है मेरे पास।
CM ने कहा कि आप लोग (माकपा) समानता की बात करते हैं तो समानता के लिए पुराने विश्वविद्यालयों में प्रतिष्ठित टीचर्स को नव गठित विश्वविद्यालयों में भेजा जायेगा। भारत के दूसरे राज्यों जैसे केरल जहाँ इतने साल आपने सरकार चलायी वहां भी यह कानून है। महाराष्ट्र, UP का उदाहरण भी CM ने दिया। गुजरात और बिहार में भी प्रक्रिया चालू है।
नेताजी की भाषा में करेंगे बात
CM ने माकपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कश्मीर मांगे आज़ादी कहने पर जिस भाषा में बात करना चाहिए, उसी भाषा में करेंगे। हम नेताजी की भाषा में बात करेंगे, गांधी की भाषा में नहीं। CM ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर करने पर आप लोग ‘युद्ध नहीं, शांति चाहिए कह कर रैली निकालते हैं’।
… तो ना लगाने दें माकपा का स्टॉल
मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि तिलक लगाने पर टार्गेट किया जाता है, चोटी रखने पर टार्गेट किया जाता है। आप लोग सनातन धर्म को क्या कल्चरल समझते हैं। मैं सभी पूजा कमेटी से कहूंगा कि दुर्गा पूजा में माकपा का स्टॉल लगाने पर उसमें दुर्गा पूजा के बजाय शारदोत्सव लिखे तो उन्हें एक भी स्टॉल ना लगाने दें। इस बीज को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा।
34 साल में जिनको नौकरी, सबको टार्गेट करना होगा
माकपा पर कड़ा हमला बोलते हुए CM शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि 34 साल में जिनको नौकरी दी गयी, सभी को एक-एक कर टार्गेट करो।
प्रोफेसरों को कड़ा सन्देश
प्रोफेसरों को भी CM ने कड़ा सन्देश देते हुए कहा कि बिल से असुविधा होने पर नौकरी छोड़ दें। देश विरोधी और भारतीय संस्कृति विरोधी शब्दों का प्रयोग करने पर जिस तरह फरक्का के SDO का पनिशमेंट ट्रांसफर किया गया था, उसी तरह इस मामले में ऐसा ही किया जाएगा।






























