दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार, कई इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है। पूर्वी बर्धमान, हुगली और बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।
गुरुवार को भी कई जिलों में आंधी-बारिश
बारिश और खराब मौसम का असर गुरुवार को भी दक्षिण बंगाल में जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, हावड़ा, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि, शुक्रवार से दक्षिण बंगाल के मौसम में कुछ बदलाव आने की संभावना जताई गई है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का सिलसिला जारी
दक्षिण बंगाल के साथ उत्तर बंगाल में भी अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। बुधवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। वहीं, गुरुवार को उत्तर बंगाल के सभी जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से रविवार के बीच भी उत्तर बंगाल के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
ऐसे में अगले कुछ दिनों तक राज्य के दोनों हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। लोगों को आंधी और भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।






























