दो बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम, उत्तरकन्या के पास वीडियोकॉन ग्राउंड पर उतारा गया हेलीकॉप्टर
कलिम्पोंग : खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सोमवार को कलिम्पोंग में लैंड नहीं कर सका। पहाड़ी इलाके में मौसम खराब होने के चलते हेलीकॉप्टर कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाता रहा। लैंडिंग की दो कोशिशें नाकाम रहने के बाद हेलीकॉप्टर को वापस मैदानी इलाके की ओर मोड़ दिया गया।
मुख्यमंत्री का सोमवार दोपहर हेलीकॉप्टर से कलिम्पोंग जाने का कार्यक्रम था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, लेकिन कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाके में पहुंचने के बाद खराब मौसम के कारण लैंडिंग में परेशानी हुई। पायलट ने पहली बार हेलीकॉप्टर उतारने की कोशिश की, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।
इसके बाद दूसरी बार भी हेलीकॉप्टर को उतारने का प्रयास किया गया। हालांकि, दूसरी कोशिश भी सफल नहीं हुई। स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर को कलिम्पोंग से वापस मैदानी इलाके की ओर मोड़ दिया गया।
बाद में हेलीकॉप्टर उत्तरकन्या के पास स्थित वीडियोकॉन ग्राउंड पर उतरा। इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से उत्तरकन्या पहुंचे। ताजा जानकारी के मुताबिक, कलिम्पोंग में प्रस्तावित बैठक अब उत्तरकन्या से ही वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएगी।





























