बालकनी और छत का हिस्सा सड़क पर गिरा
कोलकाता : उत्तर कोलकाता के शोभाबाज़ार इलाके में शुक्रवार दोपहर एक पुराने और जर्जर मकान का बालकनी और छत का कुछ हिस्सा अचानक ढहकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि मकान के अंदर मौजूद दो लोगों को स्थानीय निवासियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे राजा नबकृष्ण स्ट्रीट पर हुई। बताया जा रहा है कि मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। अचानक बालकनी और छत का एक हिस्सा भरभराकर सड़क पर गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे दो लोगों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी है। आपदा प्रबंधन की टीम मलबा हटाने में जुटी है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं कोई राहगीर या अन्य व्यक्ति मलबे के नीचे तो नहीं फंसा है। इसके लिए डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है।
लगातार हो रही बारिश के बीच पुराने और जर्जर मकानों को लेकर कोलकाता में चिंता बढ़ गई है। शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी बनी हुई है। आशंका है कि बारिश के कारण मकान का कमजोर हिस्सा और अधिक प्रभावित हुआ हो। हालांकि, फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, मकान का हिस्सा गिरने की वास्तविक वजह की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




























