कॉन्टैक्ट नंबर वाले बोर्ड लगाने का दिया आदेश । इन संस्थानों को ऐसी जगहों पर होर्डिंग या बोर्ड लगाने होंगे जो आम जनता को आसानी से दिखाई दें।
कोलकाता : स्टटे हेल्थ कमीशन ने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं कि निजी चिकित्सा संस्थानों में सेवाओं से जुड़ी कोई भी शिकायत तुरंत उसके ध्यान में लाई जाए। इन संस्थानों को ऐसी जगहों पर होर्डिंग या बोर्ड लगाने होंगे जो आम जनता को आसानी से दिखाई दें। वहाँ कमीशन का फ़ोन नंबर, ईमेल आईडी और वेबसाइट का पता बड़े अक्षरों में लिखा होना चाहिए। साइनबोर्ड या होर्डिंग पर जानकारी बंगाली और अंग्रेज़ी, दोनों भाषाओं में लिखी होनी चाहिए।
सात दिनों के भीतर लागू करना होगा निर्देश
यह निर्देश मंगलवार को प्राइवेट अस्पतालों, डायग्नोस्टिक सेंटरों और पैथोलॉजिकल टेस्टिंग सेंटरों को जारी किया गया, जिसमें उनसे सात दिनों के भीतर इन उपायों को लागू करने के लिए कहा गया है।
क्या है कारण
हेल्थ कमीशन के नए चेयरमैन, रिटायर्ड जस्टिस बिस्वजीत बसु ने कहा, बहुत से लोगों को यह नहीं पता कि शिकायत कैसे दर्ज कराई जाए। इसलिए, होर्डिंग और बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम जनता को इस प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिल सके। हेल्थ कमीशन को जनता के लिए और ज़्यादा सुलभ बनाने के लिए एक ऐप बनाने की योजना पर काम चल रहा है।
नारंगी रंग में लिखने को लेकर विवाद
पश्चिम बंगाल क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट रेगुलेटरी कमीशन के सेक्रेटरी अरशद हसन वारसी के हस्ताक्षर वाले एक निर्देश में कहा गया है कि कमीशन की संपर्क जानकारी नारंगी रंग के बोर्ड या होर्डिंग पर सफ़ेद रंग से लिखी जानी चाहिए। बोर्ड या होर्डिंग लग जाने के बाद, उसकी एक फ़ोटो कमीशन को भेजी जानी चाहिए।हेल्थ सर्विसेज़ एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी उत्पल बंद्योपाध्याय ने प्राइवेट मेडिकल संस्थानों में ऐसे बोर्ड और होर्डिंग लगाने की पहल का स्वागत किया है।हालांकि, साथ ही बोर्ड और होर्डिंग के लिए नारंगी रंग इस्तेमाल करने के फ़ैसले पर भी सवाल उठाए गए हैं। वेस्ट बंगाल डॉक्टर्स फ़ोरम के सलाहकार कौशिक लाहिड़ी ने कहा, “चूंकि ये होर्डिंग और बोर्ड प्राइवेट अस्पतालों के खर्च पर लगाए जाने हैं, इसलिए रंग चुनने का फ़ैसला अस्पताल प्रशासन पर ही छोड़ देना बेहतर होगा।”
सरकार की पॉलिसी का पालन करना होगा
बिस्वजीत बसु ने कहा, “इस खास रंग का इस्तेमाल करना अभी ऐसी सूचनाओं के लिए सरकार की पॉलिसी है, और उस गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश जारी किए गए हैं।”





























