भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
कोलकाता, 26 जुलाई : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जादवपुर मंडल-2 द्वारा कोलकाता के बीरनगर स्थित पार्ट संख्या 291 एवं 292 में शहीद वीर सैनिकों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर और पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हर वर्ष 26 जुलाई को वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों की ऐतिहासिक विजय और शहीद जवानों के सम्मान में मनाया जाता है।
यह दिन देश के वीर सैनिकों के साहस, शौर्य और बलिदान की याद दिलाता है।इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जादवपुर मंडल-2 के मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ सभापति सहित मंडल के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ हुआ।






























