कोलकाता: 21 जुलाई की टीएमसी रैली में भाषण की अवधि को लेकर हुए विवाद के बाद पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह ममता बनर्जी का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें अब जमीनी हकीकत समझनी होगी। यदि ऐसा नहीं हुआ तो उन्होंने जिस पार्टी को बनाया है, उसे वही खत्म कर देंगी।कल्याण बनर्जी ने कहा, “मैं दीदी से प्यार करता हूं, उनका सम्मान करता हूं और उनके लिए सब कुछ करने को तैयार हूं। लेकिन अगर दीदी सोचती हैं कि जो वह कहेंगी वही होगा, तो ऐसा नहीं चलेगा।”
भाषण की अवधि को लेकर हुआ था विवाद
21 जुलाई की रैली के दौरान कल्याण बनर्जी के लंबे भाषण को लेकर मंच पर ही ममता बनर्जी ने उन्हें समय कम करने का संकेत दिया था। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और कल्याण बनर्जी कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही मंच छोड़कर चले गए।उन्होंने दावा किया कि उनका भाषण करीब 22 मिनट का था, जबकि किसी ने ममता बनर्जी को गलत जानकारी दी कि उन्होंने एक घंटे तक भाषण दिया।
अभिषेक बनर्जी पर भी साधा निशाना
कल्याण बनर्जी ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर भी अप्रत्यक्ष हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल घर और पार्टी कार्यालय तक सीमित नहीं हो सकती, जनता के बीच जाकर संघर्ष करना पड़ता है।उन्होंने कहा, “सिर्फ अभिषेक-अभिषेक करने से काम नहीं चलेगा। सड़क पर उतरना होगा, संघर्ष करना होगा।”
पार्टी छोड़ने की अटकलों को किया खारिज
कल्याण बनर्जी ने साफ किया कि वह टीएमसी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पार्टी में रहकर ही भाजपा के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। हालांकि उन्होंने ममता बनर्जी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने समय रहते वास्तविक स्थिति को नहीं समझा, तो उनकी बनाई पार्टी को सबसे बड़ा नुकसान होगा।यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी के भीतर मतभेदों की चर्चा तेज है।






























