कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हालिया ट्रॉलर हादसे और सिक्किम सुरंग त्रासदी में जान गंवाने वाले पश्चिम बंगाल के लोगों के परिवारों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को स्थानीय थाने में सिविक वॉलंटियर की नौकरी भी दी जाएगी।
ट्रॉलर हादसे में 11 शव बरामद, 4 अब भी लापता
2 जुलाई को गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गई शंकरपुर की एक ट्रॉलर लापता हो गई थी। पांच दिन बाद काकद्वीप के बाघेरचर के पास ट्रॉलर उलटी अवस्था में मिली। अब तक 11 मछुआरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4 मछुआरे अब भी लापता हैं। मृतकों में अधिकांश हावड़ा, नदिया और पूर्व मेदिनीपुर के रहने वाले बताए गए हैं।
सिक्किम सुरंग हादसे पर भी सरकार की नजर
सिक्किम में निर्माणाधीन सुरंग में हुए गैस रिसाव और विस्फोट के बाद कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में पश्चिम बंगाल के श्रमिकों के शामिल होने की खबर के बाद मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने स्थिति की निगरानी और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राज्य के दो विधायकों को तुरंत सिक्किम भेजने का निर्देश दिया है। दोनों विधायक घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।सरकार ने कहा है कि दोनों घटनाओं में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।






























