शिक्षक संगठन ने फैसले पर उठाए सवाल
कोलकाता: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मैच को देखते हुए पश्चिम बंगाल के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सोमवार (20 जुलाई) को मॉर्निंग स्कूलों को उपस्थिति में छूट देने या अवकाश घोषित करने की अनुमति दी है।
आदेश में कहा गया है कि भारत के समयानुसार स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फाइनल मुकाबला सोमवार तड़के 12:30 बजे शुरू होगा, इसलिए सुबह की पाली वाले स्कूल आवश्यकतानुसार छुट्टी घोषित कर सकते हैं।
हालांकि, इस निर्णय पर शिक्षक संगठन बंगीय शिक्षक व शिक्षा कर्मी समिति ने आपत्ति जताई है।संगठन के सामान्य सचिव स्वपन मंडल ने कहा,”इतनी रात तक मैच समाप्त होने के बाद सभी लोगों को सोने में देर होगी। ऐसे में केवल मॉर्निंग स्कूलों को ही नहीं, बल्कि डे सेक्शन के स्कूलों को भी छुट्टी दी जानी चाहिए थी। ऐसा नहीं किया गया। इस फैसले के पीछे तर्क नहीं, बल्कि भावनाएं काम करती दिख रही हैं।”
इस बयान के बाद राज्य सरकार के फैसले पर नई बहस शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि क्या शिक्षा विभाग इस मुद्दे पर अपने आदेश में कोई बदलाव करता है या नहीं।






























