कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने ऐसा कहा जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है । उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में जितना बड़ा राजनीतिक परिवर्तन बंगाल में हुआ है, वैसा बदलाव कहीं और देखने को नहीं मिला। शाह ने यह बात कोलकाता में अमूल बंगाल डेयरी प्रोजेक्ट के तहत बनने वाले दही उत्पादन प्लांट की नींव रखने के दौरान कही। न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर से हावड़ा में बनने वाले इस प्लांट का वर्चुअली शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद थे ।
अमित शाह ने कहाकि पहले बंगाल पर तीन दशक तक वामपंथ की विदेशी विचारधारा का शासन रहा। उसके बाद 15 वर्षों तक भ्रष्ट एवं वैचारिक रूप से दिवालिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार रही, जिसने राज्य को पीछे धकेला। लेकिन अब यहां की जनता ने जो बदलाव चुना है, वह ऐतिहासिक है।
घुसपैठ, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर हुए बड़े फैसले
अपने 3 दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर शासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले दो दिनों के भीतर हमने राज्य में घुसपैठ को पूरी तरह रोकने, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कई ठोस कदमों पर गंभीर चर्चा की है और कई बड़े फैसले लिये हैं।






























