सरकारी जमीन वापस लेकर होगा पौधारोपण
कैनिंग (दक्षिण 24 परगना) : पश्चिम बंगाल के वन एवं पर्यावरण विभाग के मंत्री मनोज कुमार उरांव ने शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग-II विकासखंड (कैनिंग पश्चिम) अंतर्गत इटखोला ग्राम पंचायत के कृपाखाली क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर मैंग्रोव वनों की कटाई और उसे भेरी (मत्स्य पालन क्षेत्र) में बदलने के मामलों का जायजा लिया।
मंत्री मनोज कुमार उरांव ने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार के दौरान असामाजिक और आपराधिक तत्वों ने सैकड़ों हेक्टेयर सरकारी जमीन पर मौजूद मैंग्रोव वनों को नष्ट कर भेरी में बदल दिया। उन्होंने कहा कि उस समय इन क्षेत्रों में अपराधियों का दबदबा था और उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था।मंत्री के अनुसार, सरकारी भूमि पर हजारों हेक्टेयर मैंग्रोव वन नष्ट कर अवैध रूप से मत्स्य पालन के लिए उपयोग किया गया, जिससे सुंदरबन के संवेदनशील पर्यावरण और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ऐसे सभी सरकारी भूखंडों को अवैध कब्जे से मुक्त कराएगी और वहां दोबारा मैंग्रोव पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुंदरबन की पारिस्थितिकी और तटीय सुरक्षा के लिए मैंग्रोव वनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।






























