मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बोले- ‘बंगाल में लौट रहा उद्योग’
बांकुड़ा: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को बांकुड़ा जिले के मेजिया में श्याम स्टील ग्रुप की लगभग 15,000 करोड़ रुपये की एकीकृत स्टील परियोजना के विस्तार का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पश्चिम बंगाल को फिर से देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेशकों के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था, आसान भूमि उपलब्धता और रोजगार आधारित प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद उद्योगपतियों का भरोसा पश्चिम बंगाल पर फिर से बढ़ा है। मेजिया में आयोजित कार्यक्रम में श्याम स्टील के प्रमुख ललित बेरीवाला ने CM शुभेन्दु अधिकारी को सम्मानित किया.
पश्चिम बंगाल में बड़े निवेश का दावा
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अडानी ग्रुप, आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप और फ्लिपकार्ट समेत कई बड़ी कंपनियां पश्चिम बंगाल में नए निवेश की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि फ्लिपकार्ट दुर्गा पूजा से पहले हरिणघाटा में बड़ा निवेश करेगा, जबकि अडानी समूह दादनपात्रबार में प्रस्तावित गहरे समुद्री बंदरगाह परियोजना में रुचि दिखा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि 15 अगस्त के बाद दुर्गापुर में लगभग 4,000 करोड़ रुपये का नया निवेश आने की संभावना है।
रोजगार और औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जैसे जिलों से रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में युवाओं का पलायन होता है। नए उद्योग स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जबरन भूमि अधिग्रहण नहीं करेगी, बल्कि निवेशकों की आवश्यकता के अनुसार आपसी सहमति से भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उद्योगों को मिलने वाले प्रोत्साहन निवेश के साथ-साथ रोजगार सृजन पर भी आधारित होंगे।
कानून-व्यवस्था पर सरकार का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए सुरक्षित माहौल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्रियों में तोड़फोड़, रंगदारी, सिंडिकेट और कटमनी जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टीएमसी सरकार पर साधा निशाना
अपने संबोधन में शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व टीएमसी सरकार पर उद्योगों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान कई निवेशक पश्चिम बंगाल छोड़कर ओडिशा जाने की तैयारी में थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और उद्योग फिर से राज्य की ओर लौट रहे हैं। उद्योग मंत्री तापस रॉय ने भी कहा कि पिछली सरकार ने औद्योगिक विकास की अनदेखी की, जबकि वर्तमान सरकार उद्योगपतियों के साथ साझेदारी के मॉडल पर काम कर रही है।
हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
श्याम स्टील की इस 15,000 करोड़ रुपये की परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। परियोजना के विस्तार से बांकुड़ा और आसपास के क्षेत्रों में एमएसएमई, परिवहन और अन्य सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।






























