कोलकाता, 9 जुलाई : पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण (PWD) विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने गुरुवार को नवान्न में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और अभियंताओं के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में नई परियोजनाओं के डीपीआर (Detailed Project Report) तैयार करने, मानसून-पूर्व आधारभूत संरचना की तैयारियों, आपदा प्रबंधन, विभिन्न राज्य राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्गों में उन्नत करने की प्रक्रिया तथा चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस बैठक में लोक निर्माण विभाग की सचिव अंतरा आचार्य सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास परियोजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के हर क्षेत्र में सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना विकसित कर आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि लोक निर्माण विभाग जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तेजी से आधारभूत ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने सभी अधिकारियों और अभियंताओं से समन्वय के साथ कार्य कर सरकार के विकास के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया.






























