यूपी के टोल प्लाज़ा से युवक गिरफ्तार
कोलकाता :पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री Suvendu Adhikari के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। सोमवार को केंद्रीय जांच एजेंसी ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे स्थित एक टोल प्लाज़ा के पास से आरोपी को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के छपरा का रहने वाला बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह दिल्ली के रास्ते कहीं और फरार होने की योजना बना रहा था।
CBI सूत्रों के मुताबिक, रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस और CBI की संयुक्त टीम ने दिल्ली के स्वरूपनगर इलाके में छापेमारी की थी, लेकिन उस समय आरोपी हाथ नहीं आया। इसके बाद सोमवार को हरिद्वार से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक टोल प्लाज़ा के पास उसे पकड़ लिया गया।
जांच में सामने आया है कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों मयंक और राज सिंह से पूछताछ के दौरान राजकुमार सिंह का नाम सामने आया था। राज्य पुलिस की SIT पहले ही इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
गौरतलब है कि 6 मई की रात, विधानसभा चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद, उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में अज्ञात हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। उस समय वह कार की अगली सीट पर बैठे थे। हमले में चालक भी घायल हुआ था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया था।
इस हत्याकांड के बाद राज्य पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) गठित किया था। बाद में मामले की जांच CBI को सौंप दी गई।
रविवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी चंद्रनाथ रथ के घर पहुंचे थे और उनकी मां को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा था कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

























