16 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में शुरू होगा वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण
कोलकाता : Election Commission of India ने देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार जल्द ही 16 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया शुरू होगी। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जनगणना के लिए चल रहे हाउस लिस्टिंग कार्य के साथ समन्वय बनाकर वोटर लिस्ट संशोधन का काम किया जाएगा। इस चरण में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर देश के लगभग सभी हिस्सों को एसआईआर के दायरे में लाया जाएगा। इन पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अलग से कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
तीसरे चरण में जिन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर शुरू होगा, उनमें ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली और त्रिपुरा शामिल हैं। केंद्रशासित प्रदेशों में चंडीगढ़, दमन और दीव को शामिल किया गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस अभियान में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) और 3.94 लाख से अधिक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। अब तक पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा और बिहार समेत 10 राज्यों तथा पुदुचेरी, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप जैसे 3 केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है/
आयोग के अनुसार देश के लगभग 99 करोड़ मतदाताओं में से अब तक करीब 60 करोड़ मतदाताओं को इस प्रक्रिया के दायरे में लाया जा चुका है। बाकी करीब 40 करोड़ मतदाताओं को आगामी चरणों में शामिल किया जाएगा।
























