कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता के नाम एक विशेष ऑडियो संदेश जारी किया। इस संदेश में उन्होंने मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की और कहा कि अब राज्य में परिवर्तन का समय आ गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “लोकतंत्र के इस पर्व में भाजपा की विजय पताका फहराने का सुनहरा अवसर आपके सामने है। मुझे विश्वास है कि 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएगा।”
“पश्चिम बंगाल का चुनाव प्रचार मेरे लिए तीर्थयात्रा जैसा”
करीब 7 मिनट 38 सेकंड लंबे इस ऑडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें थकान महसूस नहीं हुई, बल्कि एक अलग ऊर्जा का अनुभव हुआ।
उन्होंने कहा, “मुझे लगा जैसे मेरी एक तीर्थयात्रा चल रही है। जब मैं मां काली के भक्तों के बीच जाता था, तब शायद मां काली स्वयं मुझे नई शक्ति दे रही थीं।”
युवाओं और विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल का युवा वर्ग आगे बढ़ने के लिए खुले अवसर चाहता है और राज्य के नागरिक सुरक्षा चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “अब बदलाव करके ही छोड़ना होगा। बंगाल को विकास और सुरक्षा के रास्ते पर आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है।”
विपक्ष पर निशाना
बिना किसी पार्टी का नाम लिए पीएम मोदी ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोगों को लंबे समय तक डराया गया, लेकिन अब जनता भरोसा चाहती है।
उन्होंने कहा, “बहुत डर दिखाया गया, अब डर नहीं, भरोसा चाहिए।”
मतदान की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरे चरण के मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के मंदिर में विजय पताका फहराने का ऐतिहासिक मौका है।
4 मई के बाद फिर बंगाल आने की बात
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि मतगणना के बाद वह फिर पश्चिम बंगाल आने की उम्मीद रखते हैं, जहां भाजपा की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा।

























