नई दिल्ली/ढाका: भारत सरकार ने वरिष्ठ राजनेता दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का नया उच्चायुक्त (हाई कमिश्नर) नियुक्त किया है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। वह जल्द ही ढाका में पदभार संभालेंगे।अब तक बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त के रूप में प्रणय वर्मा कार्यरत थे। उनकी जगह अब दिनेश त्रिवेदी यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।
भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिहाज से अहम नियुक्ति
विशेषज्ञों के अनुसार, बांग्लादेश की बदली राजनीतिक परिस्थितियों के बीच यह नियुक्ति काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच हाल के समय में संबंधों को और मजबूत करने की कोशिशें तेज हुई हैं। ऐसे समय में राजनीतिक अनुभव और बंगाल से गहरे जुड़ाव रखने वाले दिनेश त्रिवेदी को यह जिम्मेदारी देना रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
बंगाली संस्कृति और भाषा पर मजबूत पकड़
दिनेश त्रिवेदी बंगाली भाषा में धाराप्रवाह बोलते हैं और बंगाली संस्कृति, साहित्य तथा सामाजिक परंपराओं की गहरी समझ रखते हैं। यही कारण है कि उन्हें ढाका में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपयुक्त चेहरा माना जा रहा है।
लंबा राजनीतिक सफर
दिनेश त्रिवेदी का राजनीतिक करियर काफी लंबा और विविध रहा है। उन्होंने कांग्रेस से राजनीति शुरू की, बाद में जनता दल से जुड़े। इसके बाद वह ममता बनर्जी के साथ तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक नेताओं में शामिल हुए।
वह राज्यसभा सांसद रहे, लोकसभा चुनाव जीतकर केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने और बाद में रेल मंत्री का पद भी संभाला। बाद के वर्षों में उन्होंने भाजपा का दामन भी थामा।
कोलकाता से गहरा नाता
गुजराती परिवार में जन्मे दिनेश त्रिवेदी ने अपनी पढ़ाई कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से की। इसी वजह से उनका पश्चिम बंगाल और बंगाली समाज से पुराना जुड़ाव रहा है।
कब संभालेंगे जिम्मेदारी?
सरकार की ओर से अभी तक उनके ढाका रवाना होने या पदभार ग्रहण करने की तारीख घोषित नहीं की गई है। हालांकि माना जा रहा है कि जल्द ही वह नई भूमिका में नजर आएंगे।

























