कोलकाता : पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग में एक बार फिर प्रशासनिक गतिविधियां शुरू होने की तैयारी तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने भवन के नवीनीकरण और नए कार्यालयों के निर्माण का काम 9 अक्टूबर तक पूरा कर राज्य सरकार को सौंपने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद महालया यानी 10 अक्टूबर से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए निर्धारित कार्यालयों में कामकाज शुरू करने की व्यवस्था तैयार रहने की बात सामने आई है।
राइटर्स में चल रहे काम की प्रगति को लेकर हाल ही में लोक निर्माण विभाग के मंत्री अजय पोद्दार ने अधिकारियों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार, बैठक में उन्होंने बाकी बचे काम को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल निर्माण और नवीनीकरण का काम तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री समेत इन मंत्रियों के लिए बन रहे कार्यालय
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अलावा पंचायत मंत्री दिलीप घोष, नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री शंकर घोष, स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय और लोक निर्माण मंत्री अजय पोद्दार के लिए भी महाकरण में कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही मुख्य सचिव, गृह सचिव और राज्य पुलिस के महानिदेशक के लिए भी कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। यानी मुख्यमंत्री सचिवालय के साथ सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों को दोबारा राइटर्स में लाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
2013 में राइटर्स बिल्डिंग से नबान्न गया था प्रशासन
गौरतलब है कि 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में राज्य सरकार के प्रशासनिक कार्यालय राइटर्स बिल्डिंग से हटाकर नबान्न स्थानांतरित किए गए थे। ब्रिटिश काल में बने इस ऐतिहासिक भवन में बड़े स्तर पर मरम्मत और नवीनीकरण की जरूरत को इसकी प्रमुख वजह बताया गया था।
इसके बाद राइटर्स बिल्डिंग के पुनर्निर्माण और मरम्मत का काम शुरू हुआ, लेकिन इसे पूरा होने में काफी समय लगा। वर्तमान सरकार बनने के बाद ऐतिहासिक भवन से प्रशासन चलाने की योजना फिर चर्चा में आई। हालांकि काम पूरा नहीं होने के कारण मुख्यमंत्री समेत अधिकांश मंत्री फिलहाल नबान्न से ही प्रशासनिक कामकाज कर रहे हैं।
































