खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से केशपुर गए
कोलकाता : मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, खराब मौसम की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर के लिए रवाना हुए। हेलीकॉप्टर कोलाघाट थर्मल पावर स्टेशन के पास कोलाघाट बलाका मंच के फुटबॉल मैदान पर उतरा। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को दमदम से हेलीकॉप्टर में उड़ान भरी थी। इसके कुछ ही देर बाद, हेलीकॉप्टर की कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
सुवेंदु केशपुर में खुदीराम बोस की शहादत की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। केशपुर की सभा में सुवेंदु ने कहा, “खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर को कोलाघाट में उतारना पड़ा। आज़ाद भारत के एक नागरिक के तौर पर, उनकी सर्वोच्च शहादत के दिन उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए आना मैंने अपना फ़र्ज़ समझा।”
उन्होंने कहा, “मैं काफी देर से पहुँचा हूँ, और इसके लिए मैं माफ़ी चाहता हूँ।” केशपुर में बैठक खत्म करने के बाद, वे बांकुड़ा में एक प्रशासनिक बैठक में शामिल होंगे। वहाँ वेस्टर्न रीजन डेवलपमेंट बोर्ड के तहत आने वाले सात ज़िलों के अधिकारियों के साथ भी एक बैठक तय है।





























